BREAKING NEWS

Latest News

दिल्ली पुलिस ने प्रतिबंधित कैंसर दवाएं बेचने वाले डॉक्टर को किया गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने कैंसर की प्रतिबंधित दवाएं बेचने वाले एक सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मध्य प्रदेश के भिंड निवासी डॉ. मनीष शर्मा को दिल्ली के सुखदेव विहार से गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर लाखों रुपये मूल्य की नकली, मिलावटी और तस्करी कर लाई गई दवाएं जब्त की गईं, जिनमें ‘इक्लुसिग पोनाटिनिब’ और ‘डार्जालेक्स’ शामिल हैं। ये दवाएं तुर्की से तस्करी कर लाई गई थीं और भारत में बिक्री के लिए स्वीकृत नहीं थीं। आरोपित रूस से एमबीबीएस था लेकिन भारत में लाइसेंस नहीं मिला। उसने ‘एचके फार्मा’ फर्म बनाकर ‘इंडिया मार्ट’ के जरिए अवैध व्यापार शुरू किया था।

झाबुआ में कोर्ट मैरिज के बाद नवविवाहिता का अपहरण, परिजनों पर मामला दर्ज

झाबुआ जिले के खरडुबडी गांव में कोर्ट मैरिज के बाद विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। नवविवाहिता रियांशी के मायके पक्ष के लोगों ने उसके ससुराल में घुसकर मारपीट की और उसे अगवा कर ले गए। फरियादी डिंपल टांक ने बताया कि उसने 27 जुलाई 2026 को रियांशी से कोर्ट मैरिज की थी, जिससे उसका परिवार नाराज था। 13 अगस्त को रियांशी के बयान दर्ज हुए थे और हाईकोर्ट ने सुरक्षा के निर्देश दिए थे। पुलिस ने उदयसिंह और तीन अन्य साथियों पर भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

कलियासोत वेटलैंड में मड रैली पर पुलिस कार्रवाई, 10 वाहन जब्त, चालकों पर एफआईआर

कलियासोत बांध क्षेत्र में वेटलैंड की पर्यावरणीय संवेदनशीलता की अनदेखी कर मड रैली और स्टंट करने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई की है। रातीबड़ पुलिस ने 10 चार पहिया वाहन जब्त किए हैं और संबंधित वाहन चालकों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता तथा मोटर व्हीकल एक्ट की धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की है। 26 जुलाई को हुए इस घटनाक्रम में कुछ लोगों ने पुलिस कार्रवाई की भनक लगने पर वाहनों से कीचड़ साफ कर पहचान छिपाने का प्रयास किया। पर्यावरणविद् राशिद नूर खान ने बताया कि यह घटना राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) के जनवरी 2020 के आदेश की अवहेलना है, जिसमें वेटलैंड क्षेत्रों में ऐसी गतिविधियों पर रोक लगाई गई थी।