बुलंद सोच, जोबट।

नगर के बायपास रोड स्थित चौहान पेट्रोल पंप से बाइक चोरी होने के चार दिन बाद इस मामले में एक नया मोड़ सामने आया है। अज्ञात व्यक्ति ने पेट्रोल पंप के पीछे एक चिट्ठी चस्पा की, जिसमें चोरी हुई बाइक वापस करवाने के लिए इंटरनेट मीडिया साइट इंस्टाग्राम के जरिए संपर्क करने का संदेश लिखा था।
चिट्ठी में यह भी उल्लेख था, “आप किसी पुलिस वाले को नहीं बताना, नहीं तो आपको गाड़ी नहीं मिलेगी।” साथ ही बाइक वापस करवाने के लिए ‘डॉन कमलेश’ नाम की इंस्टाग्राम आईडी पर संदेश भेजने का निर्देश दिया गया था। बीती रात एक व्यक्ति को पेट्रोल पंप के पीछे चिट्ठी चस्पा करते हुए सीसीटीवी कैमरे में कैद किया गया है।
जोबट निवासी रघुनंदन शर्मा की एचएफ डीलक्स बाइक, जिसका नंबर एमपी-69 एमबी-5330 है, तीन दिन पहले चौहान पेट्रोल पंप से चोरी हुई थी। बाइक मालिक रघुनंदन शर्मा ने बताया कि चिट्ठी में दी गई इंस्टाग्राम आईडी से संपर्क करने पर बाइक वापस करने के बदले क्यूआर कोड भेजकर 12 हजार रुपये की मांग की गई। हालांकि, चिट्ठी में रुपये की कोई मांग नहीं की गई थी।
पुलिस इस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और उनका कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस के अनुसार, चिट्ठी में उल्लेखित इंस्टाग्राम आईडी अब बंद कर दी गई है।
पुलिस सीसीटीवी फुटेज, चस्पा की गई चिट्ठी और इंस्टाग्राम पर हुई बातचीत के आधार पर मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि चिट्ठी चस्पा करने वाला व्यक्ति बाइक चोरी में शामिल है या किसी अन्य ने यह हरकत की है।

