जोबट के बायपास रोड स्थित चौहान पेट्रोल पंप से बाइक चोरी होने के चार दिन बाद एक नया मोड़ सामने आया है। अज्ञात व्यक्ति ने पेट्रोल पंप के पीछे एक चिट्ठी चस्पा की, जिसमें चोरी हुई बाइक वापस करवाने के लिए इंस्टाग्राम पर संपर्क करने को कहा गया। चिट्ठी में पुलिस को न बताने की चेतावनी भी दी गई थी। बाइक मालिक रघुनंदन शर्मा ने इंस्टाग्राम आईडी ‘डॉन कमलेश’ पर संपर्क किया, जिसके बाद बाइक लौटाने के एवज में 12 हजार रुपये की मांग की गई और क्यूआर कोड भेजा गया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज, चिट्ठी और इंस्टाग्राम चैट के आधार पर मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
मध्य प्रदेश के आलीराजपुर जिले की ग्राम पंचायत कवटू में एक तेंदुआ रविवार रात जंगल से भटककर आबादी वाले इलाके में आ गया था। मुर्गे का शिकार करने के बाद भागते समय संतुलन बिगड़ने से वह सोमवार सुबह एक खुले कुएं में जा गिरा। ग्रामीणों द्वारा सूचना मिलने पर जोबट वन परिक्षेत्राधिकारी सुनील मुजाल्दे के नेतृत्व में वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर तेंदुए को सुरक्षित रेस्क्यू किया। विभाग ने स्थानीय लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है, क्योंकि इस क्षेत्र में पहले भी तेंदुओं की मौजूदगी और इंसानों पर हमले की घटनाएं दर्ज की गई हैं।