बुलंद सोच, भोपाल।

मध्य प्रदेश में शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) 2026 की तारीख तय कर दी गई है। यह परीक्षा 10 दिसंबर के बाद आयोजित होगी। इसके लिए 13 या 20 दिसंबर की संभावित तारीख मानी जा रही है।
स्कूल शिक्षा विभाग ने परीक्षा कराने की जिम्मेदारी माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) को सौंपी है। मंडल ने परीक्षा की तैयारियां पूरी कर ली हैं।
अगले दो-तीन दिनों में परीक्षा की विस्तृत गाइडलाइन जारी होने की संभावना है।
सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद प्रदेश के करीब डेढ़ लाख शिक्षकों के लिए टीईटी आयोजित की जा रही है। माध्यमिक शिक्षा मंडल 16 से 27 नवंबर के बीच डीएड की परीक्षा आयोजित करेगा, जिसके बाद दिसंबर में टीईटी कराई जाएगी।
परीक्षा के लिए अब तक करीब 34 हजार शिक्षकों ने आवेदन किया है। इनमें 20 हजार सरकारी और 14 हजार निजी स्कूलों के शिक्षक शामिल हैं।
मंडल जिला स्तर पर परीक्षा केंद्र बनाएगा। विभाग ने शिक्षकों की तैयारी के लिए मॉडल प्रश्नपत्र तैयार कर वेबसाइट पर अपलोड कर दिए हैं।
शिक्षकों की संख्या पर संशय
परीक्षा में शामिल होने वाले शिक्षकों की संख्या को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है। वर्ष 2005 से 2009 के बीच नियुक्त शिक्षकों पर संशय बना हुआ है।
इन शिक्षकों ने ईएसबी (पूर्व में व्यापमं) की भर्ती परीक्षा दी थी, लेकिन उस समय भर्ती परीक्षा और एनसीटीई के मानकों में अंतर था।
इस संबंध में स्कूल शिक्षा विभाग ने सुप्रीम कोर्ट में आवेदन लगाया है। न्यायालय के निर्णय के बाद ही तय होगा कि इन शिक्षकों को टीईटी देनी होगी या नहीं।
यदि इन शिक्षकों को छूट मिलती है, तो परीक्षा के दायरे में आने वाले शिक्षकों की संख्या करीब 70 हजार रह जाएगी। ये शिक्षक वर्ष 1998 से 2005 के बीच सीधी भर्ती से नियुक्त हुए थे।
जिन शिक्षकों की सेवा में पांच साल शेष हैं, उन्हें भी परीक्षा से राहत दी गई है।
माध्यमिक शिक्षा मंडल के सचिव बुद्धेश कुमार वैद्य के अनुसार, टीईटी की तैयारी पूरी कर ली गई है। उन्होंने बताया कि परीक्षा की तारीख स्कूल शिक्षा विभाग तय कर मंडल को बताएगा और यह 10 दिसंबर के बाद होगी। उन्होंने यह भी बताया कि करीब 34 हजार आवेदन आए हैं और जिला स्तर पर केंद्र बनाए जाएंगे।

