बुलंद सोच, भोपाल।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने देवास जिले के खातेगांव में हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना में कर्तव्य निर्वहन करते हुए थाना प्रभारी दिलीप पुरी के असामयिक निधन पर गहन दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दिवंगत थाना प्रभारी पुरी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोकाकुल परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में राज्य सरकार पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने घटना की विस्तृत जांच के लिए विशेष पुलिस महानिदेशक उपेंद्र जैन को तत्काल घटनास्थल पर रवाना किया है। उन्होंने इस मामले में निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई के निर्देश भी दिए।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने घोषणा की है कि वीर बलिदानी पुरी की धर्मपत्नी को सब इंस्पेक्टर के पद पर अनुकंपा नियुक्ति प्रदान की जाएगी। इसके अतिरिक्त, परिवार को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता भी प्रदान की जाएगी।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बाबा महाकाल से प्रार्थना की है कि वे दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिजनों को यह असीम दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
देवास में टीआई को कुचलकर मारा गया था और इस मामले में शराब माफिया को गिरफ्तार कर लिया गया है। स्पेशल डीजी जांच करने के लिए खातेगांव पहुंचे हैं।

