BREAKING NEWS
2026-11-16

भितरवार जनपद CEO एलएन पिप्पल साइबर ठगी के शिकार, खाते से 98 हजार रुपये निकाले गए

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, ग्वालियर।

भितरवार जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) एलएन पिप्पल साइबर ठगी का शिकार हो गए हैं। ठगों ने उनका मोबाइल हैक कर यूपीआई के जरिए उनके एसबीआई खाते से 98 हजार रुपये निकाल लिए हैं। पीड़ित ने इस संबंध में 1930 हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई है।

Advertisement

खास बात यह रही कि जिस समय उनके खाते से रकम निकाली जा रही थी, उसी दौरान उनका मोबाइल अचानक लॉक होकर निष्क्रिय हो गया था। पीड़ित का कहना है कि उन्होंने न तो किसी को ओटीपी बताया, न किसी लिंक पर क्लिक किया और न ही किसी संदिग्ध व्यक्ति से बात की थी।

पुलिस को दिए गए आवेदन के अनुसार, सीईओ का खाता एसबीआई की भितरवार शाखा में है। 1 नवंबर को दोपहर 1 बजे से 3 बजे के बीच उनका मोबाइल अचानक काम करना बंद कर गया और उसकी स्क्रीन लॉक हो गई थी।

मोबाइल दोबारा चालू होने पर यूपीआई ऐप की जाँच करने पर उसमें 6 संदिग्ध ट्रांजैक्शन के प्रयास मिले। इनमें से तीन प्रयास सफल रहे।

तीन सफल ट्रांजैक्शन के माध्यम से कुल 98 हजार रुपये निकाले गए। इनमें रोहित चुग के नाम पर 20 हजार रुपये, दसरी विश्वास के नाम पर 50 हजार रुपये और अजहरुल इस्लाम के नाम पर 28 हजार रुपये शामिल हैं।

इसके अतिरिक्त, तीन अन्य प्रयास असफल रहे, जिनमें लालचंद टीया के नाम पर 12,100 रुपये, अमन के नाम पर 60 हजार रुपये और तारा कंवर के नाम पर 20 हजार रुपये निकालने की कोशिश की गई थी। इस प्रकार, ठगों ने कुल 1.90 लाख रुपये से अधिक निकालने का प्रयास किया था।

घटना के बाद, सीईओ ने 2 नवंबर को राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बैंक प्रबंधन और थाना भितरवार में लिखित आवेदन देकर एफआईआर दर्ज करने और रकम वापस दिलाने की मांग की है। पुलिस का मानना है कि मोबाइल में मालवेयर या सिम स्वैपिंग जैसी तकनीक से सेंध लगाई गई हो सकती है। साइबर सेल इस मामले की जांच कर रही है।