बुलंद सोच, मुरैना।

मुरैना जिले के नगरा थाना क्षेत्र के रतनपुरा कीचौल गांव में 32 वर्षीय महिला पूजा की उसके पिता और पति ने मिलकर हत्या कर दी।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
घटनाक्रम
जानकारी के अनुसार, रतनपुरा गांव निवासी 32 वर्षीय पूजा करवाचौथ के दिन मायके जाने की बात कहकर घर से निकली थी।
अगले दिन जब वह लौटी, तो पति रामकिशोर को ज्ञात हुआ कि वह मायके नहीं गई थी।
पति ने कई बार उससे पूछा कि वह रात भर कहाँ रही, लेकिन पूजा ने इसका जवाब नहीं दिया।
पति रामकिशोर ने रविवार शाम को पूजा के पिता विजयपाल पवैया, जो गुहिसर थाना मौ जिला भिंड के निवासी हैं, को घर बुला लिया।
ससुर और दामाद ने मिलकर पूजा से पूछताछ की, जिसके दौरान विवाद हो गया।
सोमवार सुबह फिर से पूछताछ का सिलसिला शुरू हुआ।
इसी बीच, पिता विजयपाल को इतना आक्रोश आया कि उसने एक साफी पूजा के गले में डालकर कस दी और उसे घसीटता हुआ कमरे में ले गया।
झगड़े की आवाज सुनकर रामकिशोर के चाचा का बेटा राजकिशोर तोमर मौके पर पहुँचा, लेकिन वह पूजा को बचा पाता, इससे पहले पति रामकिशोर ने कमरे की कुंडी बंद कर दी।
कमरे में रखी ईंट से पूजा के चेहरे पर कई प्रहार किए गए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस कार्रवाई
घटना के बाद रामकिशोर ने ही पुलिस को सूचना दी।
पुलिस मौके पर पहुँची और चाचा के बेटे राजकिशोर तोमर की शिकायत पर पति रामकिशोर तथा पिता विजयपाल पवैया के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया।
दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जाँच शुरू कर दी गई है।

