डिंडौरी के ग्राम बड़ी बिछिया में पैसों को लेकर हुए विवाद में पति पप्पू बनवासी ने अपनी पत्नी रामकली बनवासी (35) की पीट-पीटकर हत्या कर दी। रामकली ने बेटे सोनू बनवासी द्वारा दिए गए घरेलू खर्च के 1000 रुपये देने से इनकार कर दिया था, जिसके बाद 3 अगस्त की रात पप्पू ने उसे गंभीर रूप से पीटा। पुलिस ने हरछट बनवासी की सूचना पर मामला दर्ज कर पप्पू बनवासी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक आशीष खरे के मार्गदर्शन में जांच टीम ने हत्या का मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
रतलाम में चार माह के जुड़वा बच्चों हसन और फातिमा की हत्या के बहुचर्चित मामले में मां पम्मी उर्फ मुस्कान को दोहरे आजीवन कारावास और 10 हजार रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई गई है। अष्टम अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश निर्मल मंडोरिया की अदालत ने यह फैसला सुनाया। बच्चों के पिता आमिर कुरैशी को साक्ष्य छिपाने का दोषी मानते हुए तीन वर्ष के कारावास और दो हजार रुपये अर्थदंड से दंडित किया गया है। घटना 20 नवंबर 2024 की है जब मुस्कान ने पति के रिश्तेदारी में जाने से नाराज होकर बच्चों को पानी की टंकी में डुबो दिया था।
जबलपुर के मनेखड़ी गांव में ब्याज की रकम मांगने गए अशोक उइके (27) की दो सगे भाइयों दिनेश और लाल नेताम ने लाठियों से पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना में अशोक का साथी दीपू गौड़ भी घायल हो गया। अशोक ने चार माह पहले विमल उर्फ पंडा नेताम की मोटरसाइकिल 9,500 रुपये में गिरवी रखी थी। मूलधन चुकाने के बाद भी ब्याज न मिलने पर रविवार रात अशोक अपने साथी के साथ ब्याज मांगने पहुंचा, जहां विवाद के बाद हमला हुआ। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है और गांव में तनाव के कारण अतिरिक्त बल तैनात किया गया है।