BREAKING NEWS
2026-11-16

दिलजीत दोसांझ के इंदौर शो को बम से उड़ाने की धमकी, महापौर कार्यालय और अमिताभ बच्चन के बंगले को भी ई-मेल

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, इंदौर।

प्रसिद्ध पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ के 15 नवंबर को इंदौर में होने वाले शो को लेकर एक धमकी भरा ई-मेल सामने आया है। इस ई-मेल में शो के दौरान विस्फोटक उपकरण (आईईडी) से धमाके करने की चेतावनी दी गई है। यह धमकी भरा ई-मेल इंदौर महापौर पुष्यमित्र भार्गव के कार्यालय को भेजा गया है। ई-मेल में इंदौर महापौर कार्यालय के अलावा बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन के मुंबई स्थित बंगले ‘जलसा’ को भी उड़ाने की बात कही गई है। यह ई-मेल ‘खालिस्तानी नेशनल आर्मी’ के नाम से भेजा गया है। ई-मेल भेजने वालों में खुद को इंजीनियर गुरानाख सिंह, रुखन शाहवाला, डॉ. गुरनिरवेर सिंह और बब्बर खालसा (परमार-कनाडा) के प्रो. गुरकाल सिंह पीएचडी बताने वालों के नाम लिखे हैं।

Advertisement

इंदौर के तीन स्कूलों को भी धमकी

एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया के अनुसार, इंदौर के तीन स्कूलों को भी धमकी भरे ई-मेल मिले हैं। इन ई-मेल में चेतावनी दी गई है कि 15 नवंबर को होने वाले दिलजीत दोसांझ के कार्यक्रम में अपने बच्चों को न भेजें, क्योंकि वहां बम धमाके किए जाएंगे। एहतियात के तौर पर राजेश दंडोतिया ने स्कूलों के नाम बताने से इनकार किया है। उनके अनुसार, ई-मेल की तकनीकी जांच की जा रही है। ये मेल सोमवार सुबह प्राप्त हुए हैं।

धमकी का कारण और पिछली घटनाएं

दिलजीत दोसांझ इन दिनों अपने म्यूजिक टूर पर हैं; उनका दिल्ली में शो हो चुका है और 15 नवंबर को इंदौर के सी-21 मैदान में उनका कार्यक्रम तय है। इससे पहले भी इस शो को लेकर धमकी मिलने की बात सामने आ चुकी है। अमेरिका स्थित आतंकी संगठन सिख फॉर जस्टिस (एसएफजे) के आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू ने हाल ही में ऑस्ट्रेलिया और अन्य शो के दौरान दिलजीत को धमकी दी थी। संगठन का आरोप है कि दिलजीत ने बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन के पैर छूकर उनका सम्मान किया, जिससे 1984 के सिख दंगों के पीड़ितों की भावनाओं को ठेस पहुंची है। इससे पहले 23 अक्टूबर को मुंबई की पूर्व महापौर रितु तावड़े के दफ्तर में भी दिलजीत पर आत्मघाती हमले की धमकी वाला ई-मेल भेजा गया था।