BREAKING NEWS
2026-11-16

इंदौर में बच्चों के खेलने पर विवाद में महिला की हत्या, जफर खान को आजीवन कारावास

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, इंदौर।

सेशन कोर्ट ने बच्चों के सड़क पर खेलने को लेकर हुए विवाद में महिला की गोली मारकर हत्या करने और उसके लड़के पर जानलेवा हमला करने वाले जफर खान को आजीवन कारावास की सजा सुनाई। कोर्ट ने दोषी जफर खान पर 21 हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया। इस प्रकरण को जघन्य एवं चिह्नित प्रकरणों की सूची में रखा गया था, जिसकी प्रतिमाह समीक्षा भी की जा रही थी।

Advertisement

घटना का विवरण

यह वारदात 6 जून 2022 की रात करीब 10.30 बजे चंदन नगर निवासी शाहरूख खान के घर के सामने हुई थी। शाहरूख खान ने पुलिस को बताया था कि घटना वाले दिन उनके घर के सामने कुछ बच्चे खेल रहे थे। उसी वक्त चंदन नगर निवासी जफर खान पिता इस्माईल खान वहां आया और बच्चों के सड़क पर खेलने की बात को लेकर गालियां देने लगा। जब शाहरूख ने जफर को ऐसा करने से रोका तो वह मारपीट करने लगा। इस पर शाहरूख के घर वाले बाहर आ गए तो जफर वहां से चला गया। कुछ देर बाद जफर दोबारा आया और कमर में से माउजर निकालकर गोली चलाने लगा। एक गोली बीच-बचाव करने आई शाहरूख की मां सन्नो बी को लगी जबकि दूसरी गोली उसके भाई आसिफ को लगी।

चिकित्सा और न्यायिक प्रक्रिया

गोली लगने के बाद सन्नो बी और आसिफ को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने सन्नो बी को मृत घोषित कर दिया। चतुर्थ अपर सत्र न्यायाधीश संजय कुमार सिंह ने इस प्रकरण में फैसला सुनाया। अभियोजन की ओर से विशेष लोक अभियोजक बृजेश उपाध्याय और रीता भंडारी ने पैरवी की।