BREAKING NEWS
2026-10-17

मुरैना में बाइक-कार टक्कर के बाद भीड़ का तांडव, भाजपा नेता का बेटा हिरासत में

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, मुरैना।

मुरैना में बाइक से कार टकराने के बाद युवकों की भीड़ ने कार सवार युवकों को पीटा और कार छीनकर ले गए। पहले बैरियर पर कार को पत्थर और सरियों से क्षतिग्रस्त किया गया। इसके बाद कार को जलाने ले जा रहे थे, लेकिन पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जर्जर हाल कार को बदमाशों से मुक्त करा लिया।

यह घटना बुधवार दोपहर लगभग डेढ़ बजे हुई। भाजपा नेता मुकेश परमार के भतीजे शैलू और बेटे के साले नीतेश सिकरवार अपने ड्राइवर हरिओम शर्मा के साथ कार से बाजार जा रहे थे। वे सभी रक्षाबंधन की खरीदारी करने जा रहे थे।

Advertisement

कार केएस चौराहा से कृषि मंडी वाली रोड पर मुड़ी और लगभग 100 मीटर चलने के बाद सामने जा रही एक बाइक से टकरा गई। इस टक्कर से बाइक सवार एक युवक घायल हो गया।

इसी बात पर बाइक चला रहे युवकों ने अपने साथियों को बुला लिया। कुछ ही मिनटों में युवकों की भीड़ ने कार को घेर लिया और ड्राइवर हरिओम शर्मा, उसमें सवार शैलू परमार व नीतेश सिकरवार की बुरी तरह मारपीट की।

युवकों की भीड़ कार पर चढ़ गई। किसी ने पत्थर फेंका तो किसी ने सरिया से कार पर हमला किया। युवकों की भीड़ इतनी उग्र थी कि उन्होंने कार की छत में सरिया घोंपना शुरू कर दिया।

यहां कार की तोड़फोड़ करने के बाद आरोपित युवक कार को कब्रिस्तान के पास ले आए। यहां भी तोड़फोड़ की और कार को जलाने की तैयारी कर ली थी। हालांकि, इससे पहले ही कोतवाली थाने की टीम मौके पर पहुंच गई।

कार की तोड़फोड़ के वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहे हैं। इस मामले में भाजपा नेता के बेटे पर आरोप लग रहे हैं।

पुलिस ने दो आरोपितों को हिरासत में लिया है। कार की तोड़फोड़ में भाजपा नेता परवेज खान के बेटे सोहेल खान का नाम आ रहा है। पुलिस ने सोहेल व उसके एक साथी आदिल खान को पकड़ा है।

बताया गया है कि भाजपा नेता परवेज खान का बेटा सोहेल खान ही केएस चौराहा से कार को चलाकर कब्रिस्तान पर लाया था। सोहेल और उसके साथी कार की तोड़फोड़ व उसे जलाने की योजना में शामिल थे।

दूसरी तरफ, मुकेश परमार ने आरोप लगाए हैं कि उनके बेटे शिवम का साला नीतेश सिकरवार गायब है और वह मिल नहीं रहा है। उनका मोबाइल आरोपितों के पास है, जिन्हें फोन लगाने पर वे धमकी व गालियां दे रहे हैं।

इस घटना के बाद कोतवाली में भीड़ जुटी है।