बुलंद सोच, खरगोन।

खरगोन जिले में नशीले पदार्थों और अवैध हथियारों की तस्करी पुलिस के लिए चिंता का विषय बनती जा रही है। पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाई करते हुए अवैध ड्रग्स और हथियारों की तस्करी के मामलों का खुलासा किया है। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर इनके पीछे सक्रिय नेटवर्क तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
कार से 70 ग्राम एमडी ड्रग्स जब्त, तीन गिरफ्तार
कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सफेद रंग की एक कार में तीन लोग एमडी ड्रग्स लेकर कसरावद की ओर से खरगोन होते हुए महाराष्ट्र की ओर जा रहे हैं। इस सूचना पर थाना प्रभारी बनवारी लाल मंडलोई के नेतृत्व में टीम ने ग्राम जामली में खाटू श्याम मंदिर के पास भुसावल-चित्तौड़गढ़ बायपास पर घेराबंदी की। कुछ देर बाद संदिग्ध कार आती दिखाई दी, जिसे पुलिस ने रोककर तलाशी ली।
कार के डैशबोर्ड से दो पारदर्शी पन्नियों में सफेद पदार्थ और एक इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटा मिला। जांच में इन दोनों पन्नियों में क्रमशः 53 ग्राम और 17 ग्राम, कुल 70 ग्राम एमडी ड्रग्स पाई गई। पुलिस ने ड्रग्स सहित इसके परिवहन में इस्तेमाल की गई कार को भी जब्त कर लिया।
पुलिस ने तनवीर (27) पिता मेहमूद पठान निवासी अमन नगर खरगोन, शाहनवाज उर्फ शानू (24) पिता सिराज जिंद्रान निवासी घासपुरा खंडवा, हाल मुल्लानवाड़ी खरगोन और आसिफ (28) पिता आरिफ खान निवासी मदीना मस्जिद के पास आजाद नगर इंदौर को गिरफ्तार किया। इनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी तनवीर के खिलाफ पहले से नौ अपराध दर्ज हैं। वह गुंडा सूची में शामिल रहा है और उसे जिला बदर भी किया जा चुका है। आरोपी शाहनवाज के विरुद्ध भी पूर्व में मामले दर्ज हैं। पुलिस रिमांड लेकर ड्रग्स सप्लाई के नेटवर्क और अन्य आरोपियों के संबंध में पूछताछ करेगी।
बाइक से 10 हस्तनिर्मित पिस्तौल बरामद, एक आरोपी पकड़ा गया
दूसरी कार्रवाई 26 अगस्त को चैनपुर पुलिस ने की। पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम शक्करखेड़ी का रूपेश बाइक से ग्राम सिगनूर के किसी सिकलीगर से अवैध हथियार खरीदकर कोठड़ा रोड से झिरन्या की ओर आने वाला है। चैनपुर थाना प्रभारी गणपत कनेल के नेतृत्व में टीम ने करानिया फाटा पर घेराबंदी की।
कुछ देर बाद बाइक से झोला लेकर पहुंचे रूपेश को पुलिस ने पकड़ा। झोले की तलाशी लेने पर उसमें 10 हस्तनिर्मित देशी पिस्तौल मिलीं। पुलिस ने अवैध हथियारों सहित उनके परिवहन में इस्तेमाल की गई बाइक को भी जब्त कर लिया है।
पुलिस ने आरोपी रूपेश के विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी पर वर्ष 2024 में भी भीकनगांव थाने में आर्म्स एक्ट का प्रकरण दर्ज हुआ था। पुलिस अब हथियारों की खरीद और सप्लाई से जुड़े लोगों की जानकारी जुटा रही है।

