बुलंद सोच, इंदौर।
इंदौर की सड़कों पर ट्रैफिक संभालने के लिए सुर्खियों में रहने वाली ट्रैफिक वार्डन शुभी जैन एक विवाद को लेकर चर्चा में आई हैं। यह विवाद उस समय सामने आया जब शुभी ट्रैफिक संभाल रही थीं और दो पुलिसकर्मी एक आरोपी को बाइक पर बैठाकर ले जा रहे थे। सिग्नल पर उनका एक रिक्शा चालक से विवाद हो गया और वे चालक के रिक्शा के फोटो खींचने लगे। विवाद होता देख शुभी वहां पहुंचीं तो एक पुलिसकर्मी ने उनसे कहा, “आप लेडिज जात हो, आप मुझसे बात मत करो।” इस पर ‘लेडिज जात’ कहकर संबोधित करने पर शुभी ने आपत्ति जताई। शुभी ने घटना के बारे में अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट कर बताया कि वह हमेशा ट्रैफिक संभालते समय मुस्कुराते हुए बात करती हैं, लेकिन विवाद होता देख जब वह वहां पहुंचीं तो दोनों पुलिसकर्मियों ने उन्हें आपत्तिजनक शब्द कहे। उन्होंने बताया कि वे पुलिसकर्मी रिक्शा चालक के फोटो खींच रहे थे, उसकी गाड़ी का नंबर नोट कर रहे थे और चालान बनाने की बात कह रहे थे, जबकि वे ट्रैफिक विभाग में नहीं हैं। शुभी ने यह भी कहा कि पुलिस को देखकर आम लोगों को डर नहीं, बल्कि सुरक्षा का भाव आना चाहिए, लेकिन कई बार पुलिसकर्मी अपने व्यवहार से आमजनों के बीच पुलिस की छवि बिगाड़ते हैं। इस घटना की जानकारी मिलने के बाद ट्रैफिक डीसीपी राजेश त्रिपाठी ने रिपोर्ट मांगी है। शुभी इंदौर में ट्रैफिक वार्डन के रूप में अपनी सेवाएं देती हैं और ट्रैफिक संभालते हुए उनके वीडियो अक्सर वायरल होते हैं, हालांकि इस बार उनके साथ हुई घटना के कारण उनका वीडियो वायरल हो रहा है।

