बुलंद सोच, जबलपुर।
परिवहन विभाग द्वारा बस किराए में बढ़ोतरी की अधिसूचना जारी होने के बाद शुक्रवार को पहले दिन किराए को लेकर बस चालक, परिचालक और यात्रियों के बीच तकरार होती रही।
मंडला, डिंडौरी, कटनी, दमोह सहित अन्य रूटों पर चलने वाली कुछ बसों ने बढ़ा किराया वसूला, जबकि अन्य ने यात्रियों को रविवार से बढ़ा हुआ किराया लेने की जानकारी दी।
मंडला जाने वाली बसों के चालकों ने पूछने पर बताया कि बस का किराया 150 रुपये से बढ़कर 200 रुपये हो गया है। उन्होंने यह भी बताया कि यात्रियों को आज सिर्फ समझाइश दी गई है और रविवार से पूरा किराया वसूला जाएगा।
बस ऑपरेटर एसोसिएशन के पदाधिकारियों का कहना है कि अधिसूचना जारी होने के बाद अधिकांश बस ऑपरेटर अभी पुराना किराया ही ले रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सोमवार से बढ़ा हुआ किराया लिया जाएगा और उससे पहले यात्रियों को बढ़े किराए के संबंध में अवगत कराया जा रहा है।
नई व्यवस्था के तहत सामान्य बसों में पहले पांच किलोमीटर तक का न्यूनतम किराया सात रुपये से बढ़ाकर 10 रुपये कर दिया गया है।
वहीं, इसके बाद प्रति किलोमीटर किराया 1.25 रुपये के स्थान पर दो रुपये होगा।
डीलक्स, एसी और अन्य लग्जरी बसों के लिए अलग किराया निर्धारित किया गया है।
विदित हो कि बस ऑपरेटर एसोसिएशन ने सभी रूटों की दूरी के आधार पर किराया सूची तैयार कर ली है।
जबलपुर में संस्कार कांवड़ यात्रा के चलते 10 अगस्त को स्कूलों में अवकाश रहेगा।

