BREAKING NEWS

जबलपुर में शुभम जांगड़े ने शादी से इनकार पर युवती पर चाकू से हमला किया

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, जबलपुर।

जबलपुर के भेड़ाघाट थाना क्षेत्र में एक युवती और युवक के बीच शादी से इनकार को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद युवक ने युवती पर चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में युवती गंभीर रूप से घायल हो गई।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, 27 वर्षीय युवती की शादी की बात गोरखपुर निवासी शुभम जांगड़े से चल रही थी। हाल ही में युवती के परिजनों ने शुभम जांगड़े के सेन समाज से न होने के कारण शादी से इनकार कर दिया था, जिसके बाद युवती ने भी शादी न करने का फैसला किया।

Advertisement

शनिवार सुबह लगभग 8:30 बजे जब युवती अपने काम पर जाने के लिए निकली और शिवालय परिसर रोड पर पहुंची, तभी शुभम जांगड़े मोटरसाइकिल से उसका पीछा करते हुए वहां पहुंचा और उसे रोक लिया।

शुभम ने युवती से शादी से इनकार करने का कारण पूछा, और उसके मना करने पर आरोपी ने गाली-गलौज शुरू कर दी तथा चाकू से उस पर कई वार किए।

हमले में युवती के सिर, चेहरे, हाथ, पीठ और गर्दन पर गंभीर चोटें आईं। दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी अपनी बाइक लेकर वहां से फरार हो गया।

लोगों को अपनी ओर आता देख बाइक से भाग रहा आरोपी शुभम जांगड़े मानेगांव के पास पहुंचकर बाइक सहित फिसलकर गिर गया, जिससे उसके हाथ और पैर में भी चोटें आईं।

आरोपी का आरोप है कि युवती के साथ आए लोगों ने भी उसके साथ मारपीट की।

पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर प्रकरण दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है।