बुलंद सोच, प्रयागराज।
प्रयागराज निवासी एक मछली कारोबारी की 17 वर्षीय बेटी नीट की तैयारी कर रही थी। वह प्रयागराज के सिविल लाइंस स्थित एक कोचिंग में पढ़ने जाती थी।
छात्रा और शैल्विन फ्रांसिस के बीच सोशल मीडिया पर दोस्ती हुई थी।
करीब 15 दिन पहले शैल्विन छात्रा से मिलने आया था। 17 जुलाई को ई-रिक्शा चालक छात्रा को घर से लेकर निकला और रास्ते में कहीं छोड़ दिया, जिसके बाद छात्रा घर नहीं पहुंची।
बेटी के घर न लौटने पर मां ने ई-रिक्शा चालक से पूछताछ की। संतोषजनक जवाब न मिलने और अनहोनी की आशंका पर मां ने प्रयागराज के सिविल लाइंस थाने पहुंचकर तहरीर दी।
छात्रा की मां की तहरीर पर उत्तर प्रदेश पुलिस ने अपहरण का मुकदमा दर्ज किया। आरोपी शैल्विन फ्रांसिस गोरखपुर थाना क्षेत्र स्थित हाथीताल कॉलोनी का निवासी है, जो इंदौर के परदेशीपुरा में जैन मंदिर के पास रहकर एक होटल में काम करता है।
पुलिस को छात्रा और उसके सोशल मीडिया दोस्त का पता चला, जिसके बाद उत्तर प्रदेश पुलिस का एक दल इंदौर पहुंचा। वहां से दोनों को पकड़कर प्रयागराज लाया गया। पुलिस ने आरोपी होटल कर्मचारी शैल्विन फ्रांसिस को गिरफ्तार कर लिया और छात्रा को उसके घर पहुंचा दिया गया।
पूछताछ में छात्रा ने दुष्कर्म की बात स्वीकार की, जिसके आधार पर मुकदमे में धाराएं बढ़ाई गईं।
न्यायालय के निर्देश पर आरोपी को शनिवार को जेल भेज दिया गया है।
