बुलंद सोच, जबलपुर।

जबलपुर के बरेला थाना क्षेत्र के ग्राम बिलहरी में एक घटना सामने आई है। यहां एक दामाद पर अपनी पत्नी का गला दबाकर हत्या करने का प्रयास करने और घर में रखे जेवरात लेकर फरार होने का आरोप है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम बिलहरी निवासी 24 वर्षीय मोनिका धनगर का विवाह दमोह निवासी सरमन धनगर से हुआ था। विवाह के बाद सरमन अपने ससुराल बिलहरी में ही आकर रहने लगा था।
ससुराल में रहने के दौरान सरमन लगातार मोनिका को प्रताड़ित कर रहा था। शुक्रवार तड़के, जब मोनिका गहरी नींद में सो रही थी, तब आरोपी सरमन ने मौका पाकर उसका गला दबा दिया और जान से मारने की कोशिश की।
पीड़िता ने किसी तरह अपनी जान बचाई। इसके बाद आरोपी सरमन घर में रखे जेवरात समेटे और मौके से भाग निकला।
घटना के बाद डरी सहमी पीड़िता ने अपने परिजनों के साथ थाने पहुंचकर बरेला पुलिस को पूरी आपबीती सुनाई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

