बुलंद सोच, ग्वालियर।

अंचल में पिछले तीन-चार दिनों से मानसून सक्रिय था और अच्छी वर्षा दर्ज की गई। हालांकि, वर्तमान में मानसून प्रणाली में ठहराव आ गया है। इसके कारण आगामी चार दिनों तक कहीं-कहीं हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है।
पिछले 24 घंटों में डबरा में सर्वाधिक 53 मिमी और ग्वालियर में 47.7 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। अन्य क्षेत्रों में भी अच्छी वर्षा हुई। शुक्रवार को दिन में वर्षा न होने से तापमान 32.6 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जो प्रदेश में सर्वाधिक था। इसके बाद श्योपुर में 31.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, देश भर में वर्तमान में सक्रिय मौसम प्रणालियों का असर कम हो रहा है, जिससे आगामी चार दिनों तक कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ वर्षा होगी। हालांकि, बंगाल की खाड़ी में एक निम्नदाब क्षेत्र बनने वाला है, जिसके प्रभाव से आगामी दिनों में मानसून फिर से सक्रिय हो सकता है।
मौसम विज्ञान केंद्र ने बताया कि उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी और उससे सटे पश्चिम बंगाल तथा उत्तरी ओडिशा के तटीय इलाकों में ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इसके प्रभाव से 29 अगस्त के आसपास उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी में एक और कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इस नई मौसम प्रणाली से पूर्वी और मध्य भारत के कई इलाकों में वर्षा बढ़ने के आसार हैं।
ग्वालियर जिले में मानसूनी मौसम के पिछले चार दिन निवासियों के लिए सुकून भरे रहे हैं, और जिले में अच्छी वर्षा हुई है। अभी तक जिले में कुल 595.3 मिमी औसत वर्षा दर्ज की जा चुकी है। पिछले साल इसी अवधि में लगभग 1079.7 मिमी वर्षा हुई थी, जिससे इस वर्ष 505.9 मिमी कम वर्षा हुई है। जिले की सामान्य औसत वर्षा 751.2 मिमी है।
इस वर्ष शहर में 534.5 मिमी वर्षा हुई है। डबरा में सर्वाधिक 726.1 मिमी और चीनौर तहसील में सबसे कम 438.1 मिमी वर्षा दर्ज की गई है। घाटीगांव में 514.3 मिमी और भितरवार तहसील में 700 मिमी औसत वर्षा हुई है।
ग्वालियर शहर की सामान्य औसत वर्षा 845.28 मिमी है, जबकि घाटीगांव की 596.58 मिमी, डबरा की 798.96 मिमी, भितरवार की 763.98 मिमी और चीनौर तहसील की 751.30 मिमी है।
पिछले 24 घंटों में डबरा में 53 मिमी, ग्वालियर शहर में 47.7 मिमी, घाटीगांव में 13.3 मिमी और चीनौर में 10.2 मिमी वर्षा हुई। भितरवार में भी वर्षा दर्ज की गई।

