बुलंद सोच, तेंदूखेड़ा।

क्षेत्र में पिछले दो दिनों से जारी मूसलाधार बारिश के कारण नदियाँ-नाले उफान पर आ गए हैं।
तेंदूखेड़ा-बरमान मुख्य मार्ग पर स्थित बारांझ नदी (इमझिरा) और पाणाझिर नदी (डोभी) के पुलों पर बीती रात से अत्यधिक पानी आ जाने के कारण दोनों पुल पूरी तरह जलमग्न हो गए।
पुलों के ऊपर पानी आ जाने से इस व्यस्ततम सड़क मार्ग पर आवागमन पूरी तरह से ठप हो गया है, जिससे राहगीरों और यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
रक्षाबंधन के पावन पर्व पर अपने भाइयों को राखी बांधने जा रही बहनों और निजी व यात्री वाहनों से सफर कर रहे लोगों को रास्ता बंद होने के कारण भारी परेशानी हुई।
तेंदूखेड़ा से बरमान और अन्य गंतव्यों की ओर जाने वाले यात्रियों को राजमार्ग के रास्ते लंबा फेरा लगाकर जाना पड़ा। वहीं, कई ग्रामीण क्षेत्रों का संपर्क कट जाने से लोगों को बाढ़ का पानी उतरने तक घंटों इंतजार करना पड़ा।
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि दोनों पुलों की ऊंचाई कम होने के कारण सामान्य से थोड़ी अधिक बारिश होते ही पुल जलमग्न हो जाते हैं। क्षेत्रवासी काफी लंबे समय से शासन-प्रशासन से इन दोनों पुलों की ऊंचाई बढ़ाने की मांग कर रहे हैं।
अब तक इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है, जिसके कारण प्रशासनिक उपेक्षा के चलते हर साल बारिश के मौसम में ग्रामीणों और यात्रियों को इसी तरह की फजीहत झेलनी पड़ती है।
जबलपुर और संभाग के जिलों में भी बादल झूमकर बरसे हैं, जिससे सीजन में बारिश का कोटा 50 प्रतिशत के करीब पहुँच गया है।

