बुलंद सोच, खंडवा।

खंडवा शहर की एक होटल से खरीदे गए मटन कोल्हापुरी में मरा हुआ चूहा निकलने और उसके सेवन से पंद्रह वर्षीय बालक की तबीयत बिगड़ने के बाद शनिवार को खाद्य एवं सुरक्षा विभाग सक्रिय हुआ। विभाग द्वारा होटल से नमूने लिए गए हैं, जिन्हें जांच के लिए भेजा गया है।
यह पहला मामला कहारवाड़ी क्षेत्र की बिस्मिल्लाह होटल का है। घटना शुक्रवार की बताई जा रही है, जब खानशाहवली क्षेत्र निवासी रहमान खान ने इस होटल से कोल्हापुरी मटन खरीदा था।
जब वे मटन लेकर घर पहुंचे और बच्चे को परोसा, तो मटन खाने से बच्चे की तबीयत बिगड़ने लगी और उसे उल्टियां होने लगीं। मटन में एक मरा हुआ चूहा पाया गया।
परिवार ने दावा किया है कि बच्चे ने मटन समझकर चूहे का मांस खा लिया। अस्पताल में दो घंटे के इलाज के बाद बच्चे को छुट्टी दे दी गई।
इस मामले में सीएम हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज होने के बाद खाद्य सुरक्षा अधिकारी राधेश्याम गोले टीम के साथ होटल पहुंचे और नमूने लिए।
श्री गोले ने बताया कि जांच के दौरान होटल का वैध खाद्य पंजीयन नहीं पाया गया। उन्होंने यह भी बताया कि संबंधित होटल संचालक के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।
घी जब्त करने की कार्रवाई
खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के अधिकारियों ने औद्योगिक क्षेत्र के डाली एरोमेटिक प्रतिष्ठान में छापामार कार्रवाई की।
इस दौरान ब्रजवासी देशी घी के नमूने लिए गए और 153 लीटर घी जब्त किया गया।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि जब्त किए गए घी की कीमत 76,500 रुपये है। इसे प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजा गया है।

