बुलंद सोच, शाजापुर।
शाजापुर में मक्सी और कनासिया के बीच निर्माणाधीन पुलिया पर एक बाइक सवार युवक शनिवार रात गिर गया। यह घटना जैन तोल कांटे के सामने हुई। हादसे में पुलिया से निकले खुले सरियों से टकराने के कारण युवक का सिर बुरी तरह फट गया।
इस दुर्घटना ने ठेकेदार और संबंधित विभाग की गंभीर लापरवाही को उजागर किया है। यह निर्माण कार्यों में बरती जा रही अनियमितताओं और सुरक्षा मानकों की अनदेखी को दर्शाता है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, पुलिया का निर्माण लंबे समय से चल रहा है, लेकिन मौके पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए हैं। रात के समय न तो पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था है और न ही दूर से दिखाई देने वाले रेडियम संकेतक या डायवर्जन बोर्ड लगाए गए हैं। इसी अंधेरे और लापरवाही के चलते यह गंभीर हादसा हुआ।
यह वही पुलिया है जो पिछले दिनों निर्माण गुणवत्ता को लेकर चर्चा में रही थी। आरोप हैं कि निर्माण में मानकों की अनदेखी करते हुए महज 10 मिमी के पतले सरियों का उपयोग किया जा रहा है। गुणवत्ता में कमी और अब सुरक्षा में लापरवाही ने आम लोगों की जान को जोखिम में डाल दिया है।
घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने घायल युवक के समुचित उपचार की व्यवस्था कराने के साथ ही लापरवाह ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। साथ ही निर्माण स्थल पर तत्काल बैरिकेडिंग, चेतावनी बोर्ड और रात में प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने की बात कही है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति न हो।

