BREAKING NEWS
2026-08-12

मंडीदीप सिविल अस्पताल में लैब टेक्नीशियन ने फिनाइल पिया, ढाई माह से वेतन न मिलने का आरोप

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, मंडीदीप।

औद्योगिक शहर मंडीदीप के सिविल अस्पताल में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक कर्मचारी ने जहरीला पदार्थ खाने की धमकी देते हुए फिनाइल का सेवन कर लिया। यह घटना तब हुई जब उसने शनिवार को सोशल मीडिया पर जहर खाने की धमकी दी थी और कुछ समय बाद फिनाइल पी लिया।

Advertisement

अस्पताल में मौजूद चिकित्सकों ने पीड़ित संविदाकर्मी लैब टेक्नीशियन लक्ष्मी नारायण को आनन-फानन में भोपाल रेफर किया। भोपाल में उपचार के दौरान पीड़ित ने घर जाने का दबाव बनाया, जिस पर चिकित्सकों ने उसकी स्थिति को देखते हुए लिखित में लेकर उसे छुट्टी दे दी। वह अब पूरी तरह स्वस्थ है।

संविदाकर्मी ने आरोप लगाया है कि उसे ढाई माह से अधिक समय बीत जाने के बावजूद वेतन नहीं मिला है।

इस संबंध में बीएमओ डॉ. राजीव गौर ने बताया कि मंडीदीप सिविल अस्पताल के संविदाकर्मी का यह आचरण नियम विरुद्ध है। उन्होंने यह भी बताया कि जिला स्वास्थ्य अधिकारी द्वारा विकासखंड लेखाधिकारी अनिल राजपूत को कर्तव्य में लापरवाही बरतने पर नोटिस जारी किया गया है।

सिविल अस्पताल प्रभारी डॉ. शलभ तिवारी ने जानकारी दी कि इस मामले में पीड़ित सहित किसी भी कर्मचारी ने कोई शिकायत नहीं की थी। पुलिस ने पीड़ित कर्मचारी के बयान दर्ज किए हैं। अब उक्त कर्मचारी पर कार्यवाही की तलवार लटक रही है, और उस पर विभाग को बदनाम करने के आरोप लगाए जा रहे हैं।