BREAKING NEWS
2026-08-10

मांडू को विश्वस्तरीय पर्यटन स्थल बनाने के लिए 24 करोड़ के विकास कार्य शुरू

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, मांडू।

मध्य प्रदेश हिंदुस्तान का दिल है और मांडू हमारी शान है। यह धर्म, संस्कृति, कला, स्थापत्य और नैसर्गिक सौंदर्य का अद्भुत केंद्र है। मांडू एक ऐसा पर्यटन स्थल है, जहाँ एक ही स्थान पर इतनी खूबियाँ देखने को मिलती हैं। पर्यटन सचिव एवं प्रबंध निदेशक पर्यटन बोर्ड इलैयाराजा टी ने बताया कि मांडू अभी वर्ल्ड हेरिटेज की टेंटेटिव सूची में है और इसे विश्व धरोहर बनाने की दिशा में भी आगे बढ़ा जा रहा है।

बुनियादी सुविधाओं का विस्तार

पर्यटन सचिव ने बताया कि स्वदेश दर्शन योजना के तहत मांडू में लगभग 24 करोड़ रुपये के विकास कार्य शुरू हो चुके हैं। ये कार्य मांडू को नई पहचान और नई ताजगी देंगे। पर्यटकों को विश्वस्तरीय सुविधाएँ मिल सकें, इसके लिए ट्रैफिक जाम, पार्किंग और शौचालय जैसी बुनियादी कमियों को भी दूर किया जाएगा।

Advertisement

निवेश और रोजगार को बढ़ावा

डा. इलैयाराजा ने कहा कि मांडू में निवेश और पर्यटन के लिए बेहतर माहौल तैयार किया जा रहा है। देश के बड़े इन्वेस्टर यहाँ होटल निर्माण कर रहे हैं। आने वाले दिनों में पर्यटन बढ़ने के साथ-साथ स्थानीय रोजगार भी बढ़ेगा। उन्होंने यह भी बताया कि निवेशकों को सहूलियत देने के लिए सब्सिडी की प्रक्रिया को सरल कर दिया गया है।

प्रमुख पर्यटन स्थलों का कायाकल्प

सबसे प्राचीन डायनासोर जीवाश्म पार्क का कायाकल्प कर उसे आधुनिक स्वरुप दिया जाएगा। स्वदेश दर्शन योजना के तहत सुंदरीकरण के साथ सनडाउनर्स पाइंट बनाया जा रहा है, जो पर्यटन को बढ़ावा देने में मील का पत्थर साबित होगा।

फिल्म शूटिंग और डेस्टिनेशन वेडिंग

पर्यटन सचिव ने कहा कि मांडू को डेस्टिनेशन वेडिंग एवं प्री-वेडिंग के लिए देश का बड़ा केंद्र बनाने का प्रयास किया जा रहा है। मांडू का फिल्मी दुनिया से गहरा नाता रहा है, इसलिए यहाँ फिल्मों की शूटिंग के लिए बेहतर माहौल बनाने का भी प्रयास किया जा रहा है।

नई सुविधाएँ और बुनियादी ढाँचा

मांडू में अत्याधुनिक शॉपिंग मॉल और फूड जोन बनाया जाएगा, जहाँ आधुनिक सुविधाएँ होंगी और इसका स्वरूप अलग होगा। इसके लिए योजना बनाने का कार्य शुरू कर दिया गया है। पर्यटन से जुड़े सभी विभागों में सामंजस्य स्थापित कर मांडू के समुचित विकास को आगे बढ़ाया जाएगा।

मांडू के लिए महत्वपूर्ण पहलें

मांडू के ऐतिहासिक तालाबों और वाटर स्ट्रक्चर को पुनर्जीवित किया जाएगा। नर्मदा जल आवर्धन योजना से पेयजल समस्या दूर करने का प्रयास किया जा रहा है, जिसके लिए संबंधित विभाग से लगातार संपर्क स्थापित किया जा रहा है।

मांडू उत्सव और विद्युत व्यवस्था

सचिव ने बताया कि मांडू की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए यहाँ होने वाले मांडू उत्सव का इस वर्ष भव्य स्तर पर आयोजन किया जाएगा। मांडू की संस्कृति से जुड़ी परंपराओं को हमेशा आगे बढ़ाया जाएगा। निवेशकों और पर्यटकों के लिए 33 केवी लाइन की स्वीकृति दे दी गई है, जिससे एक कॉमन पांइंट से पर्याप्त विद्युत आपूर्ति होगी।

एडवेंचर और डिजिटल अनुभव

मांडू में वर्षभर एडवेंचर स्पोर्ट्स शुरू होंगे, ताकि पर्यटकों को अलग अनुभव मिल सके। पर्यटन पूछताछ केंद्र बनेगा और मांडू का डिजिटल ऐप लॉन्च होगा, जिससे एक क्लिक में होटल-रिसॉर्ट्स से लेकर फीडबैक तक सब कुछ उपलब्ध होगा।