बुलंद सोच, भिंड।

फूफ थाना अंतर्गत रानीपुरा-बरही के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग-719 पर शुक्रवार को एक अंडे की दुकान के शटर के बाहर मगरमच्छ का बच्चा दिखाई देने से लोगों में हड़कंप मच गया। मगरमच्छ को देखते ही आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई।
जानकारी के अनुसार, यह मगरमच्छ का बच्चा हाईवे किनारे स्थित मुनुआ भदौरिया की अंडे की दुकान के बाहर बैठा हुआ था। सुबह दुकान खोलने पहुंचे लोगों की नजर उस पर पड़ते ही अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना फूफ थाना पुलिस और वन विभाग को दी।
सूचना मिलने पर फूफ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को मगरमच्छ से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह दी। इसके बाद वन विभाग की रेस्क्यू टीम ने मगरमच्छ के बच्चे को पकड़ लिया। फूफ थाना टीआई छत्रपाल सिंह तोमर ने बताया कि सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर मगरमच्छ के बच्चे का सुरक्षित रेस्क्यू किया।
रेस्क्यू के बाद मगरमच्छ के बच्चे को उसके प्राकृतिक आवास चंबल नदी में सुरक्षित छोड़ दिया गया। टीआई छत्रपाल सिंह तोमर के अनुसार, रेस्क्यू के बाद उसे सुरक्षित चंबल नदी में छोड़ दिया गया है और प्राथमिक तौर पर यह चंबल नदी से भटककर आया प्रतीत होता है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, घटना स्थल से चंबल नदी की दूरी लगभग 500 मीटर है। माना जा रहा है कि नदी का जलस्तर बढ़ने या भोजन की तलाश में मगरमच्छ का बच्चा भटककर हाईवे तक पहुंच गया होगा। समय रहते उसे सुरक्षित पकड़ लिए जाने से कोई अप्रिय घटना नहीं हुई।
वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी भी वन्यजीव के दिखाई देने की सूचना मिले तो उसे पकड़ने या भगाने का प्रयास न करें, बल्कि तत्काल वन विभाग अथवा पुलिस को सूचना दें, ताकि सुरक्षित रेस्क्यू किया जा सके।

