बुलंद सोच, डिंडौरी।

कोतवाली अंतर्गत ग्राम बड़ी बिछिया में पैसों को लेकर हुए विवाद के दौरान एक युवक ने अपनी पत्नी के साथ मारपीट की, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपित पति के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
विवाद का कारण
जांच के दौरान सामने आया कि 35 वर्षीय रामकली बनवासी के पुत्र सोनू बनवासी ने अपनी मां को घरेलू खर्च के लिए एक हजार रुपये दिए थे। उक्त राशि मृतिका के पति पप्पू बनवासी द्वारा मांगने पर रामकली बनवासी ने पैसे देने से इनकार कर दिया। इससे नाराज होकर तीन अगस्त मंगलवार की रात लगभग आठ बजे आरोपित पप्पू बनवासी ने अपनी पत्नी रामकली बनवासी के साथ मारपीट की। मारपीट से रामकली को गंभीर अंदरूनी चोटें आईं, जिससे उसकी मृत्यु हो गई।
पुलिस की कार्यवाही
मृतिका के भाई हरछट बनवासी की सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की थी। पुलिस अधीक्षक आशीष खरे के मार्गदर्शन में कोतवाली में हत्या की गुत्थी सुलझाने के लिए एक टीम बनाई गई। जांच के दौरान पंचनामा कार्यवाही सहित मृतिका के परिजनों और आसपास के लोगों के बयान लिए गए, जिसमें मृतिका की मृत्यु संदिग्ध होना सामने आया। आरोपित पति पप्पू बनवासी के विरुद्ध हत्या का मामला पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।
जांच में शामिल अधिकारी
इस कार्रवाई में कोतवाली प्रभारी दुर्गा प्रसाद नगपुरे, एसआई बीएल बरकड़े, एएसआई शेख सिराज और प्रधान आरक्षक जितेंद्र ठाकुर शामिल रहे।

