बुलंद सोच, मुरैना।

शनिवार सुबह सोशल मीडिया पर एक वीडियो प्रसारित हुआ, जिसमें सब्जी मंडी में दो एंबुलेंस प्याज की बोरियों से लदी हुई खड़ी दिखाई दीं। यह वीडियो मुरैना जिले के पोरसा कस्बे की सब्जी मंडी का है। किसी अन्य शहर से प्याज की बोरियां भरकर ये दोनों एंबुलेंस मंडी में पहुंची थीं और खाली की जा रही थीं। इसी दौरान एक दुकानदार ने इन एंबुलेंस का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. पदमेश उपाध्याय ने मामले की जांच के बाद कार्रवाई करने की बात कही है। यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि दोनों एंबुलेंस कहां से आईं थीं और कहां गईं। एंबुलेंस में बड़ी मात्रा में प्याज भरा गया था।
मरीजों को एंबुलेंस की अनुपलब्धता
अस्पताल से रेफर होने वाले मरीजों, घायलों या प्रसव पीड़ा से जूझ रही महिलाओं को बार-बार फोन करने के बाद भी एंबुलेंस आसानी से उपलब्ध नहीं हो पाती है। सोशल मीडिया पर वीडियो प्रसारित होने के बाद लोग विभिन्न प्रकार की टिप्पणियां कर रहे हैं। कुछ लोगों का कहना है कि गंभीर मरीजों को कई बार समय पर एंबुलेंस नहीं मिलती, ऐसे में एंबुलेंस का उपयोग प्याज की आपूर्ति के लिए करना चौंकाने वाला है। एक अन्य घटना में, प्रसव पीड़ा से तड़प रही एक महिला ने खेत में बच्चे को जन्म दिया था। रास्ता बंद होने के कारण एंबुलेंस उसके घर तक नहीं पहुंच सकी थी, जिसके बाद साड़ी के घेरे में प्रसव कराया गया।

