बुलंद सोच, सागर।

मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग की राज्य सेवा मुख्य परीक्षा 2025 का आयोजन आज 8 अगस्त से सागर में शुरू हो रहा है। यह परीक्षा 13 अगस्त तक चलेगी। नई व्यवस्था के तहत, परीक्षार्थियों को परीक्षा शुरू होने के निर्धारित समय से 90 मिनट पहले परीक्षा केंद्र पहुंचना अनिवार्य होगा। सागर जिला मुख्यालय पर राज्य सेवा मुख्य परीक्षा के लिए शासकीय कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय, तिली रोड को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। यहां एक सत्र में सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक परीक्षा आयोजित होगी। सागर में कुल 98 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे।
सख्त त्रिस्तरीय प्रवेश प्रक्रिया
केंद्र पर प्रवेश से पहले परीक्षार्थियों को त्रिस्तरीय जांच प्रक्रिया से गुजरना होगा। इस प्रक्रिया में एचएचएमडी के माध्यम से फिस्किंग, प्रवेश पत्र की स्कैनिंग और बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण शामिल है। इन सभी प्रक्रियाओं के पूरा होने के बाद ही परीक्षार्थी को परीक्षा कक्ष में प्रवेश मिलेगा। ट्रांसजेंडर अभ्यर्थियों को फिस्किंग के लिए महिला या पुरुष कर्मचारी में से अपनी पसंद का विकल्प चुनने की सुविधा दी गई है।
प्रतिबंधित एवं अनुमत सामग्री
परीक्षा कक्ष में मोबाइल फोन, पेनड्राइव, कैलकुलेटर, ब्लूटूथ डिवाइस, हैंड्सफ्री, डिजिटल और स्मार्ट घड़ी सहित किसी भी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण को ले जाने की अनुमति नहीं होगी। इसके अलावा पेंसिल, रबर, व्हाइटनर, स्केल, बैग, पठन सामग्री, पर्स, वॉलेट, टोपी, चाबी, लाइटर, माचिस और धूप का चश्मा भी प्रतिबंधित रहेगा। बालों के क्लचर, बकल, हाथ के बैंड, मेटल या चमड़े के बैंड, बेल्ट और कफलिंक जैसी वस्तुएं भी परीक्षा केंद्र के अंदर नहीं ले जाई जा सकेंगी। जूते-मोजे पहनकर परीक्षा कक्ष में प्रवेश भी प्रतिबंधित रहेगा। किसी भी तरह के अस्त्र-शस्त्र, ब्लेड और शार्पनर पर भी रोक रहेगी। परीक्षार्थी परीक्षा कक्ष में ई-प्रवेश पत्र, वैध पहचान पत्र, स्याही वाला पेन और पारदर्शी पानी की बोतल ले जा सकेंगे। दिव्यांग अभ्यर्थियों को उनके लिए निर्धारित आवश्यक सामग्री ले जाने की अनुमति रहेगी। ई-प्रवेश पत्र में निर्धारित अन्य सामग्री ही परीक्षा कक्ष में ले जाई जा सकेगी।
निगरानी और अभ्यर्थियों को सलाह
परीक्षा को व्यवस्थित और पारदर्शी तरीके से कराने के लिए जिले में आवश्यकतानुसार उड़नदस्तों का गठन किया गया है। ये टीमें परीक्षा के दौरान केंद्रों का निरीक्षण करेंगी और परीक्षा संचालन की निगरानी करेंगी। लोक सेवा आयोग की ओर से पर्यवेक्षक के रूप में सेवानिवृत्त जिला न्यायाधीश अनिल पारे को नियुक्त किया गया है। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे परीक्षा केंद्र पर समय से कम से कम 90 मिनट पहले पहुंचें और प्रवेश पत्र में दिए गए सभी निर्देशों को पहले से ध्यानपूर्वक पढ़ लें। प्रतिबंधित सामग्री साथ लाने से बचें, ताकि जांच प्रक्रिया के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।

