BREAKING NEWS
2026-08-10

इंदौर में थाईलैंड ट्रिप बुकिंग के नाम पर युवती से 44,500 रुपए की साइबर ठगी

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, इंदौर।

इंदौर के एरोड्रम क्षेत्र में रहने वाली एक युवती अनु पूर्वा सिंह को इंस्टाग्राम पर थाईलैंड ट्रिप का विज्ञापन देखकर बुकिंग करना महंगा पड़ गया। साइबर ठगों ने कम किराए में थाईलैंड के फुकेट की ट्रिप और इंडिगो के साथ कोलैबोरेशन का झांसा देकर युवती से करीब 43 हजार रुपए ऐंठ लिए।
यह मामला तब सामने आया जब 6 जुलाई को युवती इंदौर एयरपोर्ट पहुंची और उसका टिकट इनवैलिड निकला। इसके बाद ठगों के मोबाइल नंबर बंद हो गए।

Advertisement

बुकिंग प्रक्रिया और भुगतान

निजी कंपनी में काम करने वाली अनु पूर्वा सिंह ने इंस्टाग्राम पर ‘द टूरिंग साइट्स’ नाम से ट्रिप का विज्ञापन देखा था। 19 अप्रैल को उनके पास वॉट्सएप पर एक मैसेज आया, जिसमें थाईलैंड ट्रिप की जानकारी और चार्ज बताए गए।
अधिक राशि होने पर पूर्वा ने ट्रिप लेने से इनकार कर दिया। इसके बाद आरोपियों ने उन्हें कम कीमत वाली ट्रिप का ऑफर दिया। युवती ने कंपनी से ट्रिप की डिटेल मांगी।
आरोपियों की बातों पर भरोसा कर अनु पूर्वा सिंह ने थाईलैंड के फुकेट जाने के लिए करीब 36 हजार रुपए में बुकिंग कराने की सहमति दे दी।
जब पूर्वा ने इतनी कम कीमत में ट्रिप मिलने पर संदेह जताया, तो आरोपियों ने कहा कि उनकी कंपनी का इंडिगो फ्लाइट के साथ कोलैबोरेशन है।
भुगतान के लिए लव गुप्ता नाम के व्यक्ति का बैंक अकाउंट दिया गया। पूर्वा ने 18 मई को इस खाते में 10,800 रुपए ट्रांसफर किए।
इसके बदले उन्हें दिल्ली से फुकेट के लिए 6 जुलाई की फ्लाइट का इनवॉइस भेजा गया। शेष भुगतान 7 जून को करने की बात कही गई।
आरोपियों ने इंदौर से दिल्ली की फ्लाइट का भी ऑफर दिया, जिसका किराया 11,200 रुपए बताया गया। युवती ने इसका भुगतान भी कर दिया।

संपर्क में बदलाव और अतिरिक्त भुगतान

22 जून को पूर्वा ने वॉट्सएप नंबर पर कॉल किया, लेकिन संपर्क नहीं हुआ। मैसेज करने पर भी जवाब नहीं मिला।
इसके बाद 26 जून को उन्हें दूसरे नंबर से मैसेज आया, जिसमें बताया गया कि पुराना नंबर किसी कारण से बंद हो गया है।
आरोपियों ने शेष भुगतान भी लव गुप्ता के खाते में करने को कहा। इस पर युवती ने करीब 22,500 रुपए और ट्रांसफर कर दिए।
आरोपियों ने 3 जुलाई को ट्रिप से जुड़ी सभी डिटेल उपलब्ध कराने की बात कही।

धोखाधड़ी का खुलासा और कार्रवाई

3 जुलाई को जब पूर्वा ने मैसेज और कॉल कर ट्रिप की जानकारी मांगी, तो आरोपियों से संपर्क नहीं हो सका। उन्होंने कंपनी की ई-मेल आईडी पर भी संपर्क किया, लेकिन वह भी गलत निकली।
6 जुलाई को पूर्वा टिकट लेकर इंदौर एयरपोर्ट पहुंचीं, जहां टिकट को इनवैलिड बताया गया। इसके बाद उन्होंने आरोपियों से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन सभी नंबर बंद मिले।
ठगी का अहसास होने पर पूर्वा ने साइबर सेल में शिकायत की।
जांच के बाद एरोड्रम पुलिस ने शुक्रवार को शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।