BREAKING NEWS
2026-10-17

मुरैना: मकान मालिक ने आपत्तिजनक फोटो की धमकी देकर महिला से किया दुष्कर्म, मामला दर्ज

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, मुरैना।

शहर की दुर्गाविहार कॉलोनी में एक 26 वर्षीय महिला ने अपने मकान मालिक मोहन राजपूत के खिलाफ आपत्तिजनक फोटो वायरल करने की धमकी देकर कई बार दुष्कर्म करने का आरोप लगाते हुए सिविल लाइन थाने में मामला दर्ज कराया है।

Advertisement

पीड़ित महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह वर्ष 2023 से दुर्गाविहार कॉलोनी में मोहन राजपूत के मकान में दो बच्चों के साथ किराए पर रहती है। महिला के पति पेशे से ड्राइवर हैं और अक्सर घर से बाहर रहते हैं।

मार्च माह में मकान मालिक मोहन राजपूत ने फरियादिया के बाथरूम में नहाने के दौरान गुपचुप तरीके से कुछ फोटो और वीडियो बना लिए।

सोलह मार्च को आरोपी मोहन राजपूत होली मिलन के बहाने महिला के कमरे में घुस आया। उसने महिला को आपत्तिजनक फोटो दिखाते हुए शारीरिक संबंध बनाने के लिए कहा और धमकी दी कि यदि वह बात नहीं मानेगी तो वह फोटो-वीडियो को फेसबुक पर वायरल कर देगा। इसी दबाव में आरोपी मकान मालिक ने पीड़िता से दुष्कर्म किया।

इसके बाद, दस अप्रैल को भी आरोपी ने फरियादिया की मर्जी के बिना दुष्कर्म किया। आरोपी ने धमकी देकर कई बार उससे दुष्कर्म किया।

इन घटनाओं के बाद फरियादिया किराए का मकान छोड़कर अपने मायके चली गई। बाद में, जब उसके पति सूरत से मुरैना लौटे, तो पीड़िता ने उन्हें घटित अपराध के बारे में बताया। पति पीड़िता को सिविल लाइन थाने ले गए, जहां आरोपी मकान मालिक मोहन राजपूत के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया गया।