बुलंद सोच, मुरैना।

शहर के सिद्ध नगर में रहने वाली एक बीएससी छात्रा से जबरन शादी करने और उसके बाद शादी के फोटो वायरल करने का मामला सामने आया है। छात्रा की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने कुठौंद, जालौन निवासी आरोपी शिवम जादौन के खिलाफ आपराधिक प्रकरण पंजीबद्ध किया है।
जानकारी के अनुसार, सिहौरी की मूल निवासी 19 वर्षीय छात्रा 23 मई को कन्या महाविद्यालय मुरैना में बीएससी की परीक्षा देने आई थी। दोपहर 2 बजे परीक्षा के उपरांत छात्रा जैसे ही कॉलेज परिसर से बाहर निकली, वहां पहले से मौजूद आरोपी शिवम जादौन ने उससे कहा कि उसके पिता का एक्सीडेंट हो गया है और वे अभी ग्वालियर में भर्ती हैं।
छात्रा शिवम को पहले से जानती थी, क्योंकि शिवम की रिश्तेदारी सिहौरी में थी और उसका वहां आना-जाना था। पिता के एक्सीडेंट की खबर सुनते ही छात्रा ने शिवम की बात पर भरोसा किया और उसके साथ ग्वालियर चली गई।
ग्वालियर पहुंचने के बाद, आरोपी शिवम छात्रा को अपने साथ आर्य समाज मंदिर ले गया और वहां जबरन उससे शादी कर ली।
शादी के बाद शिवम ने छात्रा पर दबाव बनाया कि अब उसकी शादी हो चुकी है, इसलिए वह उसके साथ ससुराल कुठौंद चले। लेकिन छात्रा ने शिवम की बात को अस्वीकार करते हुए जवाब दिया कि उसने धोखा देकर जबरन शादी का नाटक किया है।
छात्रा के जवाब से बौखलाए आरोपी शिवम जादौन ने आर्य समाज मंदिर में खींची गई शादी की तस्वीरें छात्रा के रिश्तेदारों को भेजना शुरू कर दिया।
फोटो वायरल होने के बाद जब छात्रा के परिवार की बदनामी हुई, तो परिजनों ने कोतवाली पहुंचकर बेटी की शिकायत पर आरोपी शिवम जादौन के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज कराया।

