BREAKING NEWS
2026-10-17

ईपीएफओ इंदौर: 48 घंटे में निपटाए 74% दावे, सेंट्रलाइज्ड आईटी सिस्टम प्रभावी

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, इंदौर।

कर्मचारी भविष्य निधि दावों के निस्तारण के लिए कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) में सेंट्रलाइज्ड आईटी इनेबल्ड सिस्टम (साइट्स) को लागू किया गया है।
इस प्रणाली के माध्यम से इंदौर भविष्य निधि कार्यालय ने दो महीनों के भीतर 74 प्रतिशत दावों का निपटारा किया है।
ऑटो सेटलमेंट सिस्टम ने इन प्रकरणों का निस्तारण महज 48 घंटों में किया है।
अधिकारियों के अनुसार, सिस्टम आधारित और स्वचालित प्रक्रिया के कारण पात्र दावों का निपटारा अब कम समय में हो रहा है, जिससे मानवीय हस्तक्षेप कम हुआ है और सदस्यों को तेज, पारदर्शी एवं सुविधाजनक सेवा मिल रही है।
ईपीएफओ के क्षेत्रीय कार्यालय इंदौर को जुलाई और अगस्त 2026 में विभिन्न श्रेणियों के 59 हजार 290 दावे प्राप्त हुए।
इनमें से साइट्स के माध्यम से 41 हजार 960 दावों का ऑटो सेटलमेंट किया गया, जबकि 17 हजार 330 दावों का मैन्युअल निस्तारण हुआ।
इस तरह कुल प्राप्त दावों में से लगभग 71 प्रतिशत का निस्तारण स्वचालित प्रणाली से हुआ।
ऑटो सेटलमेंट की सुविधा ने दावों के निपटारे की गति बढ़ाने के साथ-साथ लंबित मामलों को कम करने में भी मदद की है।
अधिकारियों ने बताया कि इन 74 प्रतिशत दावों का निस्तारण 48 घंटे के भीतर किया गया।
अधिकारियों के मुताबिक, नई व्यवस्था लागू होने के बाद अग्रिम और अन्य भविष्य निधि निकासी की राशि पात्र सदस्यों के खातों में पहले की तुलना में तेजी से पहुंच रही है।
इससे सदस्यों को कार्यालय के चक्कर लगाने और प्रक्रिया में होने वाली देरी से राहत मिली है।
वहीं, पेंशनभोगियों की सुविधा का भी विशेष ध्यान रखा जा रहा है। ईपीएफओ इंदौर कार्यालय द्वारा जीवन प्रमाण-पत्र जमा करने के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन और सहायता दी जा रही है।
भविष्य निधि आयुक्त वर्ग-1 रमेश कुमार ने जनसंपर्क के माध्यम से सदस्यों और पेंशनभोगियों को इसी तरह त्वरित एवं निरंतर सहयोग उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है।

Advertisement