BREAKING NEWS
2026-10-17

नरसिंहपुर में मामूली टक्कर के विवाद में पिता-पुत्र ने की हवाई फायरिंग, जान से मारने की धमकी दी

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, नरसिंहपुर।

नरसिंहपुर शहर के बालाजी कॉम्प्लेक्स के पास वाहनों की मामूली टक्कर के बाद एक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Advertisement

हवाई फायरिंग के दौरान एक गोली वहां स्थित एक भवन के प्रथम तल पर लगे कांच में जा लगी, जिससे कांच चकनाचूर हो गया। वारदात के बाद पीड़ित ने थाने पहुंचकर आपबीती सुनाई।

परसवाड़ा (थाना ठेमी) निवासी विनोद पिता संतोष सिंह पटेल (42 वर्ष) किसी काम से बालाजी कॉम्प्लेक्स पहुंचे थे। वे अपनी महिंद्रा थार गाड़ी से जैसे ही कॉम्प्लेक्स के सामने पहुंचे, पीछे से आ रही एक काले रंग की वेन्यू कार उनकी थार से टकरा गई।

जब विनोद ने कार से उतरकर वेन्यू चालक अवधेश प्रताप सिंह यादव (55 वर्ष) को देखकर गाड़ी चलाने की हिदायत दी, तो यादव आपा खो बैठा और गाली-गलौज करने लगा। उसने अपने रसूख और बेटे के ठेकेदार होने की धौंस जमाते हुए विनोद से अभद्रता की।

विवाद बढ़ते ही अवधेश प्रताप ने अपनी कार के अंदर से लाइसेंसी पिस्टल निकाली और सीधे हवा में फायर कर दिया। इसी बीच उसका पुत्र अरुण प्रताप सिंह यादव (35 वर्ष) भी वहां पहुंच गया।

पिता का पक्ष लेते हुए उसने भी विनोद को जान से मारने की धमकी दी और अपने हाथ में मौजूद पिस्टल से हवाई फायर किया। सरेराह हुई इस गोलीबारी और गाली-गलौज से मौके पर मौजूद राहगीरों में हड़कंप मच गया।

फरियादी विनोद सिंह पटेल अपनी जान बचाकर वहां से भागे और साथी के साथ सीधे थाने पहुंचे। फरियादी की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 296(बी), 125, 3(5) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में ले लिया है।

सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और आरोपितों को गिरफ्तार किया। वहीं मौके से 3 कारतूस के खोके जब्त किए गए हैं। कोतवाली नरसिंहपुर के थाना प्रभारी गौरव चाटे ने बताया कि मामले की गंभीरता से विवेचना की जा रही है।