बुलंद सोच, भोपाल।

पश्चिम मध्य रेल ने ट्रेनों के इंजन को सुरक्षित रखने के लिए एक नया और आसान तरीका अपनाया है। रेलवे ने इंजन में लगे एयर ड्रायर को नुकसान से बचाने के लिए विशेष सेफ्टी प्लेट तैयार की है। अब तक यह प्लेट 178 लोकोमोटिव में लगाई जा चुकी है।
समस्या और समाधान
पूर्व में, इंजन के नीचे लगे एयर ड्रायर को पशुओं से टकराने या किसी अन्य बाहरी झटके से नुकसान पहुंचने का खतरा रहता था। इस क्षति के कारण एयर ड्रायर के साथ पाइप और बिजली की तारें भी खराब हो सकती थीं। ऐसी स्थिति में इंजन को मरम्मत के लिए रोकना पड़ता था, जिससे समय की बर्बादी होती थी। इस समस्या के समाधान हेतु रेलवे के इंजीनियरों ने 410×420 मिलीमीटर की एक सेफ्टी प्लेट बनाई है। इस प्लेट को इंजन के कैटल गार्ड पर स्थापित किया गया है। यह प्लेट किसी बाहरी झटके की स्थिति में एयर ड्रायर को अतिरिक्त सहारा प्रदान करेगी और उसके आवश्यक हिस्सों को सुरक्षित रखेगी।
यात्रियों और रेलवे को लाभ
इस तकनीकी बदलाव से इंजन के खराब होने की संभावना कम होगी और मरम्मत में लगने वाला समय भी घटेगा। इसका सीधा लाभ यात्रियों को ट्रेन संचालन में मिलेगा, क्योंकि इंजन अधिक समय तक उपलब्ध रहने से ट्रेनों के समय पर और सुचारु संचालन में सहायता मिलेगी। इसके अतिरिक्त, रेलवे को बार-बार होने वाली मरम्मत पर लगने वाले समय और संसाधनों में कमी आएगी। यह छोटा तकनीकी बदलाव इंजन की सुरक्षा और ट्रेन संचालन को बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

