बुलंद सोच, सिवनी।
मध्य प्रदेश के कई जिलों समेत सिवनी जिले के छपारा क्षेत्र में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण संजय सरोवर जलाशय (भीमगढ़ बांध) का जलस्तर निर्धारित सीमा से ऊपर पहुंच गया है।
जल प्रबंधन को दुरुस्त रखने और सुरक्षा के मद्देनजर जल संसाधन विभाग द्वारा बांध के कुल 10 गेटों में से दो जल द्वारों (गेट क्रमांक 5 और 6) को एक-एक मीटर तक खोल दिया गया है। इन गेटों के खुलने से बांध से करीब 283 क्यूमेक्स (लगभग 10 हजार घन फीट प्रति सेकंड) पानी की निकासी शुरू हो चुकी है।
इस निकासी के कारण वैनगंगा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ने की संभावना है।
हालांकि, कुछ दिन पूर्व भी लगातार बारिश के चलते इन गेटों को खोला गया था। वर्तमान में मध्य प्रदेश में कई दिनों से लगातार बारिश का क्रम जारी है, इसी के चलते बांध में पानी अधिक हो गया था।
प्रशासन द्वारा हाई अलर्ट जारी
भीमगढ़ बांध से भारी मात्रा में पानी छोड़े जाने के तुरंत बाद स्थानीय प्रशासन ने वैनगंगा नदी के तटीय और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों के लिए हाई अलर्ट जारी कर दिया है।
प्रशासन ने ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के नागरिकों से विशेष सावधानी बरतने, नदी किनारे न जाने और जलभराव की स्थिति में तुरंत सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित होने की अपील की है। किसी भी अनहोनी को रोकने के लिए नदी के घाटों, पुलों और जल प्रवाह वाले क्षेत्रों पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।
महाराष्ट्र तक दिखेगा असर
एशिया के इस सबसे बड़े मिट्टी के बांध से पानी छोड़े जाने का असर न केवल सिवनी, बल्कि पड़ोसी जिले बालाघाट और पड़ोसी राज्य महाराष्ट्र के गोंदिया तथा भंडारा जिलों में भी देखने को मिलेगा।
चूंकि वैनगंगा नदी आगे चलकर इन क्षेत्रों से होकर गुजरती है, इसलिए महाराष्ट्र और बालाघाट के प्रशासनिक अमले को भी इसकी सूचना दे दी गई है, ताकि वे अपने-अपने क्षेत्रों में तटीय बस्तियों को सुरक्षित रख सकें।
मौसम विभाग की मानें तो यदि क्षेत्र में बारिश का सिलसिला इसी तरह जारी रहा, तो आने वाले समय में बांध के अन्य गेट भी खोले जा सकते हैं।
मध्य प्रदेश में बारिश का दौर जारी
मध्य प्रदेश में पिछले 72 घंटे से बारिश का दौर जारी है, जिसके चलते पांच जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। भोपाल और गुना में स्कूल बंद कर दिए गए हैं।

