BREAKING NEWS
2026-08-14

शहडोल: घरेलू विवाद में पति ने पत्नी की कुल्हाड़ी से हत्या की, आरोपी गिरफ्तार

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, शहडोल।

मध्य प्रदेश के शहडोल जिले के बुढ़ार थाना क्षेत्र अंतर्गत सरईकापा गांव में एक पति ने घरेलू विवाद के दौरान अपनी पत्नी पर धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी। यह घटना देर शाम की बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, सरईकापा निवासी 23 वर्षीय काजल बैगा की उसके पति सुनील बैगा ने कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी। बताया गया कि पति-पत्नी के बीच किसी घरेलू बात को लेकर विवाद हुआ था, जो इतना बढ़ गया कि सुनील ने काजल पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई।

Advertisement

वारदात के बाद परिजनों ने आरोपी पति को एक कमरे में बंद कर दिया, ताकि वह मौके से भाग न सके। तत्काल पुलिस को घटना की सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही बुढ़ार पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी सुनील बैगा को हिरासत में ले लिया। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया।

बुढ़ार पुलिस ने बताया कि मामले में आरोपी पति के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

बताया जा रहा है कि आरोपी सुनील बैगा बाहर रहकर काम करता था और कुछ दिन पहले ही गांव वापस लौटा था। ग्रामीणों के अनुसार, उसका व्यवहार सनकी बताया जा रहा है।

हालांकि, हत्या की वास्तविक वजह क्या थी, इसका खुलासा पुलिस की जांच और पूछताछ के बाद ही हो सकेगा। पोस्टमार्टम के बाद महिला का शव परिजनों को सौंपा जाएगा।