BREAKING NEWS
2026-10-17

रायसेन जेल में कैदी ने प्रहरी को गोली मारी, जेल ब्रेक की साजिश का खुलासा, तीन गिरफ्तार

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, रायसेन।

रायसेन जिला जेल में नौ दिन पूर्व हुए सनसनीखेज गोलीकांड का सीसीटीवी फुटेज सामने आ गया है, जिसमें वारदात का खौफनाक मंजर साफ दिखाई दे रहा है।

Advertisement

फुटेज के अनुसार, कैदी नीलेश हाथ में देसी कट्टा लहराते हुए ड्यूटी पर तैनात प्रहरी के पास पहुंचा और जब प्रहरी ने विरोध किया, तो कैदी ने उसकी कमर के ऊपर गोली दाग दी।

गोली लगने के बाद जब प्रहरी जमीन पर गिर गया, तो आरोपी नीलेश ने उसकी आंखों में मिर्ची पाउडर डाल दिया। इसके बाद भी वह नहीं रुका और उसने कट्टे के बट से प्रहरी के सिर पर दो जोरदार वार किए।

जेल ब्रेक की साजिश का खुलासा

पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि यह कोई अचानक हुई घटना नहीं थी, बल्कि एक सोची-समझी साजिश का हिस्सा थी। आरोपी नीलेश को अदालत से जमानत न मिलने पर वह हताश हो गया और उसने अपने साथियों के साथ मिलकर जेल से भागने की पूरी योजना रची।

इस वारदात को अंजाम देने के लिए जेल की सुरक्षा में सेंध लगाई गई थी और देसी कट्टा जेल की ऊंची दीवार के बाहर से अंदर फेंका गया था।

तीन आरोपी गिरफ्तार, मामा फरार

गोलीकांड के बाद पुलिस ने पूरे मामले का पर्दाफाश करते हुए जेल ब्रेक के मास्टरमाइंड कैदी नीलेश समेत कुल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

हालांकि, वारदात के लिए देसी कट्टा मुहैया कराने वाला मुख्य आरोपी और नीलेश का मामा सुप्यार सिंह अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार तलाश कर रही है।