BREAKING NEWS
2026-08-02

राजगढ़: आंगनवाड़ी कार्यकर्ता के घर चाकू की नोंक पर लाखों की लूट, महिला ने खिड़की से कूदकर बचाई जान

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, राजगढ़।

जिले के खिलचीपुर शहर के वार्ड क्रमांक 8 में तीन नकाबपोश बदमाशों ने 50 वर्षीय आंगनवाड़ी कार्यकर्ता ममता जादौन के घर में घुसकर चाकू की नोंक पर लाखों की लूट को अंजाम दिया है। बदमाश घर से 4 लाख नकद, सवा दो तोला सोना और 500 ग्राम चांदी लूट ले गए।

Advertisement

यह घटना शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात को हुई, जब ममता जादौन घर में अकेली थीं। बदमाश घर के पीछे बगीचे की ओर से पहुंचे और पीछे मौजूद एक खुली खिड़की के रास्ते घर में दाखिल हो गए। उनके बेटे-बहू आष्टा में रहते हैं, क्योंकि बेटा वहां बैंक मैनेजर है।

पीड़िता ममता जादौन ने बताया कि रात में अचानक आवाज आने पर उनकी नींद खुली। सामने देखने पर एक नकाबपोश युवक हाथ में चाकू लिए खड़ा था। जब उन्होंने शोर मचाने की कोशिश की, तो बदमाश ने उनकी गर्दन पर चाकू रख दिया और जान से मारने की धमकी दी। कुल तीन बदमाश घर के अंदर घुसे थे।

एक बदमाश महिला को चाकू की नोंक पर बंधक बनाए रखा, जबकि दो अन्य ने लूट की वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने महिला के कानों से सोने के टॉप्स, गले की चेन, सोने की अंगूठी और हाथों में पहने चांदी के कड़े उतरवा लिए। जब महिला ने इसका विरोध किया, तो बदमाशों ने उनके साथ मारपीट की, उन्हें थप्पड़ मारे और उनका सिर दीवार से टकरा दिया। इसके बाद बदमाशों ने अलमारी खंगाली, जहां से नकद और आभूषण ले गए।

पीड़िता के अनुसार, बदमाश आपस में बात कर रहे थे कि पहले सामान निकाल लो, इसे कमरे में बंद कर दो और जाने से पहले इसे मारकर चलेंगे। यह सुनकर महिला बुरी तरह डर गई। बदमाशों ने महिला को एक कमरे में बंद कर दिया और घर के अन्य हिस्सों की तलाशी ली।

इसी बीच, महिला ने हिम्मत दिखाते हुए कमरे की कुंडी अंदर से बंद की और जिस खिड़की से बदमाश घुसे थे, उसी से लगभग 8-10 फीट नीचे बगीचे में कूद गई। वहां से भागकर वह गली तक पहुंची और शोर मचाकर लोगों को बुलाया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक बदमाश स्थिति को भांपकर वहां से भाग निकले थे। घटना के बाद पुलिस ने घर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया है।