BREAKING NEWS
2026-08-10

रतलाम: रिश्ते की भाभी से छेड़छाड़ की रंजिश में दोस्त की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, रतलाम।

बड़ावदा थाना पुलिस ने ग्राम सिंदुरकिया में हुए 20 वर्षीय शहनवाज उर्फ साहिल हत्याकांड का खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले में 19 वर्षीय आरोपित ईश्वर उर्फ छोटू पुत्र रामचंद्र आद्रा को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपित ईश्वर के घर से हत्या में प्रयुक्त धारदार चाकू भी बरामद किया है। जांच में हत्या के पीछे छह माह पुराने छेड़छाड़ प्रकरण की रंजिश सामने आई है। आरोपित ईश्वर को न्यायालय ने 8 अगस्त तक पुलिस रिमांड पर सौंपा है।

Advertisement

पुलिस को शव मिलने की सूचना

एसपी अमित कुमार ने एक प्रेस वार्ता में बताया कि 4 अगस्त की सुबह हाटपिपलिया चौकी क्षेत्र के ग्राम सिंदुरकिया स्थित मिडिल स्कूल के पास बापूसिंह की पड़त भूमि पर एक युवक का शव मिलने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक की पहचान ग्राम सिंदुरकिया निवासी शहनवाज उर्फ साहिल पुत्र शहजाद शाह के रूप में की। घटनास्थल के निरीक्षण में धारदार हथियार से हत्या किए जाने के संकेत मिले, जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जावरा भेजा गया। पुलिस ने इसके उपरांत हत्या का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।

विशेष टीमों का गठन और जांच

एएसपी विवेक कुमार लाल के मार्गदर्शन में एसडीओपी जावरा संदीप मालवीय एवं एसडीओपी आलोट पल्लवी गौर के नेतृत्व में विशेष टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज, साइबर तकनीकी साक्ष्यों, भौतिक साक्ष्यों तथा मुखबिर से मिली सूचनाओं का गहन विश्लेषण किया। इन साक्ष्यों के आधार पर ईश्वर उर्फ छोटू को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। शुरुआत में छोटू ने घटना से इनकार किया, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने हत्या करना स्वीकार कर लिया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी संतोष चौरसिया, निरीक्षक स्वराज डाबी, अय्यूब खान, दीपक मंडलोई, एसआइ चंद्रशेखर डिगा, राजेश मालवीय, कुलदीप डाबी, जगदीश कुमावत और एएसआइ शिवजी यादव सहित टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

हत्या का कारण और वारदात का विवरण

जांच में सामने आया कि आरोपित ईश्वर और मृतक साहिल दोस्त थे। करीब छह माह पहले साहिल के विरुद्ध ईश्वर की रिश्ते की भाभी से छेड़छाड़ का एक प्रकरण दर्ज हुआ था, जो वर्तमान में न्यायालय में विचाराधीन है। साहिल गांव में उस घटना का बार-बार जिक्र करता था, जिससे ईश्वर आहत रहता था और पिछले करीब दो माह से बदला लेने की फिराक में था। 3 अगस्त की रात हुसैन टेकरी के चेहल्लुम से लौटते समय ईश्वर ने साहिल को घर जाने से रोक लिया। दोनों ने पहले साथ में सिगरेट पी। इसके बाद गांजा पीने का बहाना बनाकर ईश्वर साहिल को सुनसान स्थान पर ले गया और उस पर चाकू से हमला कर दिया। घायल साहिल जान बचाने के लिए सड़क से उतरकर खेत की ओर भागा, लेकिन आरोपित ने उसका पीछा किया, उसे पकड़ लिया और दोबारा हमला कर दिया। साहिल पर कुल 14 वार किए गए, जिनमें से 9 वार गले पर और शेष वार सीने, पीठ, हाथ और चेहरे पर थे। गंभीर रूप से घायल साहिल की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि वारदात से पहले दोनों सड़क पर साथ जाते हुए सीसीटीवी कैमरों में कैद हुए थे, जिसने ईश्वर तक पहुंचने में पुलिस को आधार प्रदान किया।