बुलंद सोच, सागर।
सागर के सुरखी थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास और लूट के मामले में तीन महीने से फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक महिला भी शामिल है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी, लूटा गया मोबाइल, सोने का मंगलसूत्र और चांदी की पायल बरामद की हैं।
दोनों आरोपियों पर 5-5 हजार रुपए का इनाम घोषित था।
पुलिस के अनुसार, यह घटना 6 मई की रात करीब 8 बजे की है। फरियादी अपने टपरे पर मौजूद था, तभी मुलायम लोधी, गुड्डी खान और उनका एक साथी वहां पहुंचे और शराब पीने के लिए पैसे मांगे।
फरियादी द्वारा रुपये देने से इनकार करने पर विवाद बढ़ गया और गुस्साए आरोपियों ने उस पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। आरोप है कि मुख्य आरोपी मुलायम लोधी ने फरियादी के सिर, पीठ और हाथ की उंगलियों पर लगातार वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
साथ आए दूसरे आरोपी ने भी लात-घूंसों और डंडों से मारपीट की।
मारपीट के दौरान बीच-बचाव करने पहुंची टीना पर भी आरोपियों ने हमला किया। आरोपी गुड्डी खान ने कुल्हाड़ी से वार किया, जिससे टीना के सिर में चोट आई।
वारदात के बाद आरोपी फरियादी का मोबाइल फोन, सोने का मंगलसूत्र और चांदी की पायल लूटकर फरार हो गए।
घटना के बाद सुरखी थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास और लूट का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने लगातार दबिश दी और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।
पुलिस अधीक्षक ने दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी पर 5-5 हजार रुपए का इनाम भी घोषित किया था।
बुधवार को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी हीरापुर गांव में छिपे हुए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने दबिश देकर मुलायम पिता प्रताप सिंह लोधी (45) और गुड्डी पति रसीद खान (49) निवासी हीरापुर को गिरफ्तार कर लिया।
थाने लाकर पूछताछ करने पर आरोपियों की निशानदेही से वारदात में इस्तेमाल की गई लोहे की कुल्हाड़ी, लूटा गया मोबाइल फोन, सोने का मंगलसूत्र और चांदी की पायल बरामद कर ली गई।
बरामदगी के बाद पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

