बुलंद सोच, शहडोल।

शहडोल जिले के पपौंध थाना क्षेत्र के ग्राम गांजर मलैचा टोला में 60 वर्षीय बेवा महिला सुहाग रानी सिंह पत्नी स्वर्गीय बुद्धसेन सिंह गोड़ की धारदार हथियार से निर्मम हत्या कर दी गई। उनके शरीर पर धारदार हथियार से करीब 30 वार किए गए थे।
घटना के समय महिला का एक बेटा घर में मौजूद था, जिसे पुलिस ने पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
जानकारी के अनुसार, मृतका के तीन बेटे हैं, जो घर से दूर रहते हैं। पति की मौत के बाद महिला अकेली रहती थी।
दो सप्ताह पहले तबीयत खराब होने पर उसने ससुराल में रह रहे बेटे को इलाज के लिए बुलाया था और वह उसके पास आया था।
इस घटना का खुलासा तब हुआ जब हल्का पटवारी सरकारी काम से महिला के घर पहुंचे। बेटे ने मां की मौत की बात कही।
अंदर जाकर देखने पर पटवारी ने महिला को मृत पाया, उनके शरीर पर गंभीर चोटों के निशान थे।
पटवारी ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलने पर पपौंध पुलिस, एफएसएल टीम और डाग स्क्वायड मौके पर पहुंचे और साक्ष्य जुटाए।
पुलिस ने बताया कि हत्या धारदार हथियार से की गई है। पुलिस के अनुसार, हथियार और वजह दोनों की जांच जारी है, और अभी इस मामले में कोई खुलासा नहीं हुआ है।

