बुलंद सोच, इंदौर।
इंदौर के हीरानगर थाना क्षेत्र स्थित सावित्री नगर एम्पायर में शुक्रवार-शनिवार की रात बदमाशों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। इन बदमाशों ने कॉलोनी के दो घरों को अपना निशाना बनाया।
सावित्री नगर एम्पायर निवासी आकाश सोनी, जो एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं, उस रात अपने घर पर मौजूद नहीं थे। इसी दौरान बदमाशों ने उनके घर में घुसकर चोरी की घटना को अंजाम दिया।
इसके बाद बदमाशों ने एक अन्य घर को भी निशाना बनाया। जब वे दूसरे घर में चोरी कर रहे थे, तभी पास में रहने वाले जितेंद्र की नींद खुल गई।
जितेंद्र ने बालकनी में आकर शोर मचाया, जिसके बाद बदमाश पत्थर फेंककर मौके से फरार हो गए।
सूचना मिलने पर रात में ही एफआरवी (FRV) मौके पर पहुंची। पुलिस ने आसपास के सुनसान इलाकों में बदमाशों की तलाश की, लेकिन उनका पता नहीं चल सका।
घटना के सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद रविवार को हीरानगर थाना प्रभारी सुशील पटेल सावित्री एम्पायर पहुंचे। पुलिस ने आकाश सोनी की शिकायत पर चोरी का मामला दर्ज कर लिया है। इसके साथ ही थाना प्रभारी ने रहवासियों के साथ बैठक कर आरोपियों को जल्द पकड़ने का आश्वासन दिया।

