BREAKING NEWS

Latest News

इंदौर के सावित्री नगर एम्पायर में दो घरों में चोरी, पड़ोसी के जागने पर पत्थर फेंककर भागे बदमाश

इंदौर के हीरानगर थाना क्षेत्र के सावित्री नगर एम्पायर में शुक्रवार-शनिवार की रात बदमाशों ने दो घरों में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। आकाश सोनी के घर से चोरी के बाद जब बदमाश दूसरे घर में सेंध लगा रहे थे, तभी पड़ोसी जितेंद्र के शोर मचाने पर वे पत्थर फेंककर भाग गए। घटना के सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद रविवार को पुलिस ने आकाश सोनी की शिकायत पर एफआईआर दर्ज की। हीरानगर थाना प्रभारी सुशील पटेल ने रहवासियों के साथ बैठक कर आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने का भरोसा दिलाया।

सतना में RSS कार्यालय चोरी का खुलासा, आरोपी पवन ताम्रकार गिरफ्तार

सतना के उचेहरा स्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ कार्यालय में हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। उचेहरा थाना पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिरों की सूचना के आधार पर वार्ड क्रमांक छह निवासी पवन ताम्रकार को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने शनिवार-रविवार की मध्य रात्रि बाउंड्री कूदकर कार्यालय में घुसकर एक गैस सिलिंडर, एलईडी लाइट और बर्तन चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर चोरी गया पूरा सामान बरामद कर लिया है। कानूनी कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उसे जेल भेज दिया गया।

मुरैना के बड़े जैन मंदिर से भगवान सुब्रतनाथ का डेढ़ किलो चांदी का छत्र चोरी

मुरैना के मुख्य बाजार स्थित बड़े जैन मंदिर से भगवान सुब्रतनाथ का डेढ़ किलो चांदी का छत्र चोरी हो गया। सोमवार रात 7:40 बजे एक नकाबपोश चोर श्रद्धालुओं की कतार में मंदिर में घुसा। उसने 12 मिनट के भीतर ढाई फीट ऊंचे मंदिर पर चढ़कर चांदी का छत्र चुराया और रात 7:52 बजे थैले में रखकर फरार हो गया। चोरी की यह पूरी घटना मंदिर के सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। मंगलवार सुबह पुजारी द्वारा पूजा के दौरान चोरी का पता चला। मंदिर प्रबंधन ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई है और पुलिस चोर की पहचान में जुटी है। छत्र का बाजार मूल्य तीन लाख रुपये से अधिक है।