BREAKING NEWS
2026-10-17

शहडोल में जादू-टोने के शक में देवरानी की हत्या, जेठानी गिरफ्तार

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, शहडोल।

शहडोल जिले के सीधी थाना क्षेत्र के छत्ता गांव में अंधविश्वास और जादू-टोने के शक में एक महिला की हत्या का मामला सामने आया है। रिश्ते में जेठानी लगने वाली महिला ने अपनी ही देवरानी की गला घोंटकर हत्या कर दी।

Advertisement

मृतका की पहचान सुखरानिया बाई के रूप में हुई है, जबकि हत्या की आरोपित जेठानी मुन्नी बाई बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, आरोपी मुन्नी बाई को शक था कि उसकी देवरानी सुखरानिया बाई जादू-टोना करती है।

इसी अंधविश्वास और शक के चलते दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि आरोपित मुन्नी बाई ने मौका पाकर अपनी देवरानी सुखरानिया बाई की चुन्नी से उसका गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही सीधी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस ने आरोपित मुन्नी बाई को हिरासत में ले लिया है।

उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि हत्या जादू-टोने के संदेह में की गई है। मामले की विस्तृत जांच अभी जारी है। थाना प्रभारी सर भगत ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि जांच चल रही है।