बुलंद सोच, मक्सी।

मक्सी थाना क्षेत्र के ग्राम झोंकर में सोशल मीडिया पर धार्मिक भावनाओं को कथित तौर पर आहत करने वाली आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर मुस्लिम समाज में आक्रोश देखा गया।
इस मामले को लेकर बुधवार को झोंकर के मुस्लिम समाज के बड़ी संख्या में लोग मक्सी थाने पहुंचे। उन्होंने पुलिस को एक आवेदन सौंपकर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई और गिरफ्तारी की मांग की।
मुस्लिम समाज द्वारा पुलिस को दिए गए आवेदन में आरोप लगाया गया है कि झोंकर निवासी नितिन इंद्रिया पाटीदार पिता राजेश इंद्रिया पाटीदार द्वारा गत दिनों आपत्तिजनक एवं गुस्ताखी भरी टिप्पणी की गई थी। समाजजनों का कहना है कि इस टिप्पणी से उनकी धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं, और इसे लेकर समाज में नाराजगी है।
आवेदन में मुस्लिम समाज के लोगों ने पुलिस से मांग की है कि मामले की जांच कर संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध नियमानुसार प्रकरण दर्ज किया जाए, और आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए उसकी गिरफ्तारी की जाए। समाजजनों ने पुलिस से मामले से संबंधित जानकारी एवं उपलब्ध साक्ष्यों की जांच करने की भी मांग की।
मामले को लेकर एसआई मनोहर चौहान ने बताया कि ग्राम झोंकर में आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने को लेकर मुस्लिम समाज की ओर से एक आवेदन प्राप्त हुआ है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।
एसआई चौहान ने आगे बताया कि जांच में तथ्य सामने आने के बाद संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। मामले के बाद पुलिस ने स्थिति पर नजर बनाए रखी है, और समाजजनों ने पुलिस से निष्पक्ष जांच कर शीघ्र कार्रवाई करने की मांग की है।

