BREAKING NEWS
2026-08-07

शहडोल: तेज रफ्तार ट्रेलर ने पांच गौवंशों को कुचला, मौके पर मौत

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, शहडोल।

शहडोल जिले में सड़क हादसों में गौवंशों की मौत का सिलसिला जारी है। सोहागपुर थाना क्षेत्र में भारत पेट्रोल पंप के सामने बुधवार देर रात एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने सड़क पर बैठे पांच गौवंशों को कुचल दिया। इस हादसे में सभी गौवंशों की मौके पर ही मौत हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि दो मवेशी ट्रेलर के पहियों के नीचे फंस गए। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रेलर बुढार से शहडोल की ओर जा रहा था। हादसे के बाद वाहन घटनास्थल पर ही खड़ा रह गया, जबकि उसके आगे और पीछे पांच मवेशियों के शव पड़े रहे।
स्थानीय लोगों ने बताया कि घटना के कई घंटे बाद तक न तो पुलिस मौके पर पहुंची और न ही यातायात विभाग की टीम ने वाहन हटाने या यातायात सामान्य कराने की कोई कार्रवाई की।
ग्रामीणों का कहना है कि भारत पेट्रोल पंप के सामने अक्सर भारी वाहनों की कतार लगी रहती है। दूसरी ओर, सड़क पर गौवंशों का बैठना आम बात है। ऐसे में यह स्थान लगातार हादसों का कारण बन रहा है।
लोगों का आरोप है कि पेट्रोल पंप के सामने सड़क किनारे दिन-रात खड़े रहने वाले वाहनों को हटाने के लिए यातायात विभाग ने आज तक कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, इसी स्थान पर पहले भी कई सड़क हादसे हो चुके हैं, जिनमें लोगों की जान तक जा चुकी है। इसके बावजूद न तो अवैध पार्किंग पर रोक लगाई गई और न ही गौवंशों को सड़क से हटाने के लिए कोई स्थायी व्यवस्था की गई।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि हादसे की जांच कर ट्रेलर चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। साथ ही, पेट्रोल पंप के सामने अवैध रूप से खड़े वाहनों पर सख्ती और गौवंशों को सड़क से हटाने के लिए स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में ऐसे दर्दनाक हादसों की पुनरावृत्ति न हो।
इस संबंध में, थाना प्रभारी सोहागपुर आर पी रावत ने कहा कि उन्हें जानकारी मिली है और वे इस मामले को दिखवा रहे हैं।
उपेक्षित गौवंशों को ऐसी दुर्घटनाओं से बचाने के लिए अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं, जिससे आए दिन सड़कों पर बैठे गौवंशों की असमय मौत की खबरें आती रहती हैं। सरकार और समाज के लिए यह एक गंभीर चिंता का विषय है, और बचाव के लिए समुचित प्रयासों की आवश्यकता है।

Advertisement