शहडोल के सोहागपुर थाना क्षेत्र के ग्राम मैकी में एक दुखद हादसे में 8 वर्षीय बालक शिवम उर्फ शुभम नायक की कुएं में डूबने से मौत हो गई। घर के पास खेलते समय बालक खुले कुएं में गिर गया था। परिजनों ने उसे कुएं से निकालकर शहडोल मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना से परिवार और पूरे गांव में शोक का माहौल है। स्कूल में भी शोक सभा आयोजित की गई और छुट्टी घोषित कर दी गई। सोहागपुर पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
शहडोल में सोहागपुर थाना क्षेत्र के भारत पेट्रोल पंप के सामने बुधवार देर रात एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने सड़क पर बैठे पांच गौवंशों को कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दो मवेशी ट्रेलर के पहियों में फंस गए और चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने पुलिस और यातायात विभाग पर कार्रवाई में देरी का आरोप लगाया है। ग्रामीणों का कहना है कि यह स्थान अवैध पार्किंग और सड़क पर बैठे गौवंशों के कारण लगातार हादसों का कारण बन रहा है। उन्होंने प्रशासन से चालक पर कार्रवाई और स्थायी समाधान की मांग की है।