बुलंद सोच,।
पूर्व विदेश मंत्री और पद्म विभूषण से सम्मानित सुषमा स्वराज की पुण्यतिथि पर गृह मंत्री अमित शाह के साथ ही उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा, उत्तराखंड और बिहार सहित कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। सभी नेताओं ने सुषमा स्वराज के राष्ट्रहित, जनसेवा, भारतीय कूटनीति और मानवीय मूल्यों के प्रति उनके समर्पण को याद किया और कहा कि उनका जीवन आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणा का स्रोत रहेगा।
गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पूर्व विदेश मंत्री को श्रद्धांजलि देते हुए लिखा कि ओजस्वी वक्ता, सौम्यता व सादगी की प्रतिमूर्ति सुषमा स्वराज की पुण्यतिथि पर उन्हें नमन। उन्होंने आगे कहा कि सुषमा जी ने अपने अनुशासन, कर्मठता व संघर्षशीलता के बल पर संगठन से लेकर सरकार तक सभी दायित्वों का उत्कृष्ट निर्वहन किया। अमित शाह ने यह भी कहा कि विदेश मंत्रालय को आम जन से जोड़ने वाली सुषमा जी का सादगीपूर्ण जीवन सदैव स्मरणीय रहेगा।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘राष्ट्रसेवा को धर्म, जनकल्याण को संकल्प और भारत की प्रतिष्ठा को दायित्व मानने वाली प्रखर वक्ता, संवेदनशील जननेता, पूर्व विदेश मंत्री एवं ‘पद्म विभूषण’ सुषमा स्वराज की पुण्यतिथि पर विनम्र श्रद्धांजलि।’ उन्होंने आगे कहा कि उनका जीवन राष्ट्रनिष्ठा, लोकसेवा और उदात्त लोकतांत्रिक मूल्यों की गरिमा का उज्ज्वल अध्याय है।
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘प्रखर वक्ता, भारत सरकार की पूर्व विदेश मंत्री और पद्म विभूषण से सम्मानित सुषमा स्वराज की पुण्यतिथि पर उन्हें कोटिशः नमन।’ उन्होंने बताया कि राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने का उनका संकल्प, जनसेवा के प्रति उनका समर्पण तथा भारतीय कूटनीति को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में उनका अमूल्य योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। मुख्यमंत्री शर्मा ने यह भी कहा कि उनका प्रेरणादायी व्यक्तित्व और कर्तव्यनिष्ठ जीवन हम सभी को राष्ट्रसेवा के लिए निरंतर प्रेरित करता रहेगा।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘पूर्व केंद्रीय मंत्री, दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री एवं पद्म विभूषण सुषमा स्वराज की पुण्यतिथि पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि।’ उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता के साथ उनका आत्मीय रिश्ता, सहज मुस्कान, ओजस्वी वाणी और हर व्यक्ति के दुख-सुख को अपना मानने का उनका स्वभाव उन्हें एक असाधारण जननेता बनाता था। रेखा गुप्ता ने आगे कहा, ‘मुख्यमंत्री से लेकर विदेश मंत्री तक, उन्होंने हर दायित्व को सेवा, संवेदनशीलता और मानवीय मूल्यों के साथ निभाया।’ उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि दुनिया के किसी भी कोने में संकट में फंसे भारतीय के लिए उनका एक संदेश ही आश्वासन और विश्वास का प्रतीक बन जाता था। मुख्यमंत्री गुप्ता ने कहा, ‘जनसेवा के प्रति उनका समर्पण, राष्ट्र के प्रति उनकी निष्ठा और लोगों के जीवन को स्पर्श करने वाली उनकी संवेदनशीलता सदैव स्मरणीय रहेगी।’ उन्होंने अंत में कहा कि उनका जीवन आने वाली पीढ़ियों को निरंतर प्रेरित करता रहेगा।
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘पद्म विभूषण से सम्मानित पूर्व केंद्रीय मंत्री सुषमा स्वराज की पुण्यतिथि पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि।’ उन्होंने कहा कि राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानकर किए गए उनके अथक कार्य, जनसेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता तथा विदेशों में संकटग्रस्त भारतीयों की सहायता के लिए उनका मानवीय दृष्टिकोण सदैव स्मरणीय रहेगा।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ‘दीदी’ की पुण्यतिथि पर विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।’ उन्होंने कहा कि राष्ट्र के प्रति निष्ठा, जनसेवा और मानवीय मूल्यों के प्रति समर्पित उनका जीवन सदैव प्रेरणा देता रहेगा। मुख्यमंत्री यादव ने यह भी बताया कि राष्ट्रहित के लिए उनकी अटूट निष्ठा और संकट की घड़ी में प्रत्येक भारतीय के प्रति उनकी संवेदनशीलता हमेशा स्मरणीय रहेगी।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘नारी सशक्तीकरण की सशक्त प्रतीक, सौम्यता एवं सादगी की प्रतिमूर्ति, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुषमा स्वराज की पुण्यतिथि पर कोटिशः नमन।’ उन्होंने कहा कि आपने अपने अद्वितीय नेतृत्व, संवेदनशील व्यक्तित्व और राष्ट्रसेवा के प्रति अटूट समर्पण से भारतीय राजनीति में अमिट छाप छोड़ी। मुख्यमंत्री धामी ने आगे कहा कि आपका संपूर्ण जीवन सेवा, समर्पण, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रहित के मूल्यों का अनुपम उदाहरण रहा। उन्होंने अंत में कहा कि आपका प्रेरणादायी व्यक्तित्व एवं कृतित्व आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रसेवा के पथ पर अग्रसर होने की प्रेरणा देता रहेगा।
बिहार के मुख्यमंत्री ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘भाजपा की वरिष्ठ नेत्री, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं पद्म विभूषण से सम्मानित स्वर्गीय सुषमा स्वराज की पुण्यतिथि पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि।’ उन्होंने कहा कि राष्ट्रसेवा, उत्कृष्ट नेतृत्व, ओजस्वी वक्तृत्व और जनकल्याण के प्रति आपका समर्पण सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। मुख्यमंत्री ने अंत में कहा कि आपका सादगीपूर्ण व्यक्तित्व और राष्ट्रहित के प्रति अटूट समर्पण देशवासियों के हृदय में सदैव अमिट रहेगा।

