बुलंद सोच, मंदसौर।
आजाद समाज पार्टी के जिला अध्यक्ष प्रिंस सूर्यवंशी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर शुक्रवार को सुवासरा नगर बंद रहा। हिंदू संगठनों और भाजपा नेताओं ने सभा चौक पर धरना प्रदर्शन किया और जमकर नारेबाजी की। शुक्रवार को सुबह से ही नगर पूर्णतः बंद रहा। एसडीओपी दिनेश प्रजापति, थाना प्रभारी राजेंद्रसिंह बघेल और तहसीलदार सुनील पीडियार की समझाइश बेअसर रही।
चक्काजाम और पुलिस कार्रवाई
दोपहर में आक्रोशित लोग पेट्रोल पंप चौराहा पर पहुंचे और यहां चक्काजाम कर दिया, जिससे चारों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। प्रदर्शनकारियों ने यहां से निकल रहे एक ट्रक के कांच फोड़ दिए। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने बल प्रयोग (लाठीचार्ज) कर भीड़ को तितर-बितर कर दिया। वहां से गुजर रहे स्कूल के बच्चे भी लाठीचार्ज की चपेट में आ गए। इससे नाराज प्रदर्शनकारियों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। देर शाम तक प्रदर्शन चलता रहा। दोपहर 2.30 बजे कार्यकर्ताओं ने पेट्रोल पंप चौराहा पर पहुंचकर चक्काजाम किया। चक्काजाम के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि डा. विजय पाटीदार और भाजपा नेताओं ने थाने में प्रिंस सूर्यवंशी के खिलाफ आवेदन दिया। इसके बाद नेता चक्काजाम खुलवाने पहुंचे, लेकिन कार्यकर्ताओं ने प्रिंस की गिरफ्तारी और प्रकरण दर्ज होने तक प्रदर्शन समाप्त करने से इनकार कर दिया। नगर बंद व प्रदर्शन के दौरान सुवासरा में भारी पुलिस बल तैनात रहा। शुक्रवार को हुए नगर बंद के दौरान गरोठ एएसपी, सीतामऊ एसडीओपी दिनेश प्रजापत, सीतामऊ थाना प्रभारी कमलेश प्रजापति, शामगढ़ थाना प्रभारी कपिल सौराष्ट्रीय सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद था। इस पूरे घटनाक्रम के दौरान विधायक हरदीपसिंह डंग को भी एक बार प्रदर्शनकारियों ने घेर लिया था, लेकिन वे आश्वासन देकर वहां से चले गए।
घटनाक्रम की पृष्ठभूमि
इस पूरे घटनाक्रम की शुरुआत विगत दिनों तहसील रोड निर्माण रोकने को लेकर हुए चक्काजाम के बाद से हुई। सुवासरा में तहसील रोड पर सीसी निर्माण को रुकवाने के लिए मुस्लिम समाज और आजाद समाज पार्टी के जिलाध्यक्ष प्रिंस सूर्यवंशी ने पुराना बस स्टैंड पर रोड जाम कर दिया था। इस बात से नाराज भाजपा नेताओं की शिकायत पर पुलिस ने प्रिंस सूर्यवंशी समेत 16 लोगों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा डालने का मामला दर्ज किया था।
गुरुवार रात की घटना और बंद का ऐलान
आरोप है कि गुरुवार रात में प्रिंस सूर्यवंशी ने उन नेताओं के प्रतिष्ठानों पर जाकर धमकाया और विवाद किया, जिन्होंने उनके खिलाफ थाने में आवेदन दिया था। जिन्हें धमकाया गया उनमें मुख्य रूप से सुनील मांदलिया (पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष), डा. बलराम परिहार (नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि), दिलीप कुमावत (सांसद प्रतिनिधि) शामिल हैं। घटना के बाद सांसद प्रतिनिधि के प्रतिष्ठान पर नगरवासी और भाजपा नेता एकत्र हुए। थाना प्रभारी राजेंद्रसिंह बघेल ने मौके पर पहुंचकर आवेदन लिया। लेकिन एक घंटे तक कार्रवाई न होने पर भाजपा नेताओं व हिंदू संगठनों ने नगर बंद का ऐलान कर दिया।
आगे की रणनीति और पुलिस का बयान
शुक्रवार शाम 5 बजे प्रदर्शनकारी पुनः सभा चौक पहुंचे। शाम 7 बजे तक भी पुलिस द्वारा प्रिंस सूर्यवंशी की गिरफ्तारी या ठोस कार्रवाई न किए जाने से नाराज हिंदू संगठनों और भाजपा नेताओं ने शनिवार को भी नगर बंद रखने का आह्वान किया है। सुवासरा थाना प्रभारी राजेंद्रसिंह बघेल ने बताया कि अभी आजाद समाज पार्टी के जिला अध्यक्ष प्रिंस सूर्यवंशी के खिलाफ कोई प्रकरण दर्ज नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि जांच चल रही है और शीघ्र ही कार्रवाई की जाएगी।

