बुलंद सोच, ग्वालियर।

ग्वालियर शहर के महाराजपुरा इलाके में शादी के तीन दिन बाद ससुराल में फांसी लगाने वाली नवविवाहिता ने 102 दिन तक अस्पताल में जिंदगी और मौत से संघर्ष करने के बाद दम तोड़ दिया है। तब से उसका इलाज चल रहा था।
भिंड जिले के गोरमी की रहने वाली सपना गुर्जर की शादी 25 अप्रैल को महाराजपुरा थाना क्षेत्र के लक्ष्मणगढ़ निवासी सौरभ गुर्जर से हुई थी। शादी के तीन दिन बाद वह वॉशरूम में नहाने के लिए गई थी और इसी दौरान उसने फांसी लगा ली थी।
फांसी लगाने के दौरान ही ससुरालजनों की नजर पड़ी, जिसके बाद उन्होंने फंदा काटकर उसे उतारा और तुरंत अस्पताल ले गए। तब से उसका इलाज चल रहा था और बीते रोज उसकी मौत हो गई।
अस्पताल से पुलिस को सूचना मिलने के बाद महाराजपुरा थाना पुलिस ने मृतका के शव का पोस्टमार्टम कराकर मर्ग कायम कर लिया है। पुलिस ने बताया कि जांच में आत्महत्या के कारण स्पष्ट होंगे, जिसके बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी।
मायके पक्ष के आरोप
इस मामले में, जब सपना ने पहली बार फांसी लगाई थी, तभी उसके मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया था।
मायके पक्ष का कहना था कि शादी वाले दिन ही ये लोग शादी से मुकर गए थे और शादी में दहेज की मांग करने लगे थे। किसी तरह शादी हुई तो ये लोग सपना को प्रताड़ित करने लगे।
मायके पक्ष ने शिकायती आवेदन देकर यह भी आरोप लगाया था कि सपना के शरीर पर चोट के निशान थे।

