BREAKING NEWS
2026-08-10

भोपाल रेल मंडल ने 4 माह में टिकट चेकिंग से 17.50 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, भोपाल।

त्योहारों का मौसम नजदीक आने के साथ ही ट्रेनों में यात्रियों की संख्या में वृद्धि दर्ज की जा रही है। इसी के मद्देनजर भोपाल रेल मंडल ने बिना टिकट और अनुचित टिकट लेकर यात्रा करने वाले यात्रियों के खिलाफ टिकट चेकिंग अभियान को तेज कर दिया है।

Advertisement

मंडल रेल प्रबंधक पंकज त्यागी के अनु वाणिज्य विभाग की टीम अप्रैल से जुलाई माह तक लगातार टिकटों की जांच कर रही है। इस अवधि के दौरान कुल 2 लाख 30 हजार 345 मामले पकड़े गए, जिनसे रेलवे को 17.50 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ।

पकड़े गए मामलों में 1 लाख 5 हजार 914 बिना टिकट यात्रा के मामले, 1 लाख 23 हजार 643 अनुचित टिकट के मामले और 788 बिना बुक किए गए सामान के मामले शामिल हैं।

पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में रेलवे की आय में 11.80 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है।

केवल जुलाई माह में ही 42 हजार 139 मामले पकड़े गए, जिनसे रेलवे को 3.75 करोड़ रुपये का राजस्व मिला।

जुलाई के मामलों में 18 हजार 533 बिना टिकट यात्रा के और 23 हजार 394 अनुचित टिकट के मामले थे।

रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि त्योहारों के दौरान भीड़ के बीच जल्दबाजी में बिना टिकट ट्रेन में यात्रा न करें। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे सफर से पहले अपना टिकट अवश्य बनवाएं और रेलवे के नियमों का पालन करें, जिससे वे जुर्माने से बच सकें और परेशानी मुक्त यात्रा का अनुभव कर सकें।